जहां पड़ा था धोनी का विजयी छक्का वहीं बनेगा मेमोरियल, वानखेड़े स्टेडियम की 5 कुर्सियां हटेंगी

वानखेड़े स्टेडियम
वानखेड़े स्टेडियम

28 साल बाद वर्ल्ड कप जीता था भारत

मुंबई। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) 2011 वनडे वर्ल्ड कप के विजयी छक्के को यादगार बनाने जा रहा है। यह छक्का टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लगाया था, जिसने भारत को 28 साल बाद खिताब जिताया था। जिस जगह पर छक्का लगा था, वहां MCA एक मेमोरियल बनाएगा। मेमोरियल के लिए वानखेड़े स्टेडियम पवेलियन में लगी 5 कुर्सियों को हटाया जाएगा। ये कुर्सियां ‘J282’ से ‘J286’ होंगी।

वानखेड़े स्टेडियम
वानखेड़े स्टेडियम

धोनी को MCA ने सम्मानित भी किया

शुक्रवार को MCA ने धोनी को उसी जगह सम्मानित भी किया, जहां छक्के के वक्त बॉल गिरी थी। दरअसल, 12 साल पहले 2 अप्रैल को इसी मैदान पर धोनी ने श्रीलंका के नुवान कुलसेकरा की बॉल पर लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाया था। इस छक्के के बाद भारत ने 6 विकेट से मैच जीतकर ट्रॉफी उठाई थी। धोनी ने फाइनल मुकाबले में 91 रन की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के 9 मैचों में 241 रन बनाए थे। युवराज सिंह उस दौरान में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे। उन्होंने तब 362 रन बनाने के साथ 15 विकेट भी लिए थे।

वानखेड़े स्टेडियम
वानखेड़े स्टेडियम

28 साल बाद जीता था भारत

टीम इंडिया ने 2011 में भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप को 28 साल बाद जीता था। धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया से पहले 1983 में कपिल देव की कप्तानी वाली टीम ने भारत को वर्ल्ड कप जिताया था। तब फाइनल में टीम ने वेस्टइंडीज को हराया था। IPL खेल रहे हैं धोनी महेंद्र सिंह धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वह अब सिर्फ IPL में नजर आते हैं। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान हैं और इस सीजन के 2 मैचों में 3 छक्के लगा चुके हैं।

धोनी के साथ 2011 वनडे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे 15 में से 13 खिलाड़ियों ने संन्यास ले लिया है। इनमें सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, हरभजन सिंह और जहीर खान जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। उस टीम से विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन ही फिलहाल टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं।

ये भी पढ़ें ‘सुन्दर कांति जोशी क्रिकेट पुरस्कार’ से नवाजी जाएंगी सुमन, सिद्धि और पर्ल