
पीएम बोले: कांग्रेस ने मंदिरों पर कब्जा किया, रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थर बरसाए
करौली। करौली में मोदी ने कांग्रेस के महापाप गिनाए। एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस ने मंदिरों पर कब्जा किया, रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थर बरसाए गए।
लोकसभा चुनाव में करौली धौलपुर सीट पर बीजेपी प्रत्याशी इंदु देवी जाटव के समर्थन में आयोजित इस सभा में जुटी भीड़ को देखते हुए पीएम मोदी ने 4 जून के नतीजों की बात कह दी। उन्होंने कहा कि करौली की सभा बता रही है कि 4 जून को 400 पार। अपने संबोधन में मोदी ने राजस्थान में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में तुष्टिकरण की बात कहते हुए इसे कांग्रेस का महापाप करार दिया।
कच्चाथीवू टापू का जिक्र किया
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर एक के बाद एक कई हमले किए। तुष्टिकरण, भष्ट्राचार और टुकड़े टकुड़े गैंग के साथ खड़े होने वाली पार्टी के साथ उन्होंने तमिनाडू के पास एक टापू कच्चाथीवू श्रीलंका को देने की बात भी कही। मोदी ने कहा कि कांग्रेस इसे बेशर्मी से जायज ठहराती है। कांग्रेस के एक नेता कहते हैं कि इस टापू पर कोई रहता है क्या? कल को रेगिस्तान को क्या कहोगे, यही कहोगे क्या कोई रहता है क्या? यह है इनकी मानसिकता। इनके लिए देश का खाली हिस्सा जमीन का एक टुकड़ा है। कल को राजस्थान के बॉर्डर के पास की खाली पड़ी जमीन किसी देश को दे सकती है। कांग्रेस का सिर्फ इतिहास ही खतरनाक नहीं है, इरादे भी खतरनाक है।
विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा यह चुनाव
पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव केवल इतना भर नहीं है कि कौन सांसद बनेगा और कौन नहीं बनेगा। वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला चुनाव है। पिछले दस साल में बीजेपी ने उन समस्याओं के समाधान निकाले जिन समस्याओं के आगे कांग्रेस ने हाथ खड़े कर दिए थे। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा दिया जबकि मोदी ने सिर्फ दस साल में 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी की रेखा से बाहर निकाला।
मेरे जीवन का हर पल देश के नाम
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक इस देश पर शासन किया लेकिन देश की तकलीफों को नहीं समझा। कांग्रेस की वजह से कई पीढ़ियों की जिंदगी तकलीफों में गुजर गई लेकिन गरीब का बेटा 10 साल से देश का प्रधान सेवक है तो गरीबों को परेशानियों से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन का हर पल देश के नाम है। उन्हें 2047 तक 24 घटे सातों दिन कार्य करना है। तब जाकर विकसित भारत का सपना पूरा होगा।
मजबूरी में भी मुनाफा खोजती है कांग्रेस
पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग मोदी का घोर विरोध करते हैं। वे परिवारवाद और भ्रष्टाचार के दलदल में डूबी कांग्रेस जनता की मजबूरी में भी मुनाफा खोजती है। राजस्थान में पानी का संकट बढाने वाली कांग्रेस ही है। केंद्र सरकार ने हर घर पानी पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन शुरू किया उसमें भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया। केंद्र की सरकार भ्रष्टाचारियों को लगातार जेल भेज रही है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:ऋषिकेश में मोदी: बोले- विकास और विरासत विरोधी है कांग्रेस