खुद की तारीफ खुद करते हैं मोदी: प्रियंका गांधी वाड्रा

प्रियंका गांधी वाड्रा
प्रियंका गांधी वाड्रा

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कसा तंज: सब भ्रष्ट केवल वही पाक साफ

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मोदी कहते हैं सब भ्रष्ट हैं, केवल वही पाक हैं। अपने मुंह मियां मि_ू बनना मुहावरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी खुद की तारीफ खुद करते हैं कि मैं ही एक ईमानदार हूं पूरे देश में, बाकी सब चोर हैं। दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डाल दिया। बाकी जितने मुख्यमंत्री उनके नहीं हैं, उन पर केस दर्ज करा दिए। मेरे भाई का घर ले लिया। तमाम केस दर्ज करा दिए। कहीं सूरत, बिहार तो कहीं और, ताकि वो दौड़ते रहें एक से दूसरी कचहरी में।

कांग्रेस के पक्ष में जनसमर्थन मांगने उत्तराखंड के दौरे पर आईं प्रियंका गांधी रामनगर में शनिवार को आयोजित जनसभा में भाजपा पर जमकर बरसीं और उस पर सारी एजेंसियों के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा एजेंसियों के जरिए दबाव डालकर नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है। यही नहीं, भाजपा दबाव डालकर सरकार तोड़ने का भी काम कर रही है। वह इस काम में इतने व्यस्त हैं कि ये रोजगार भूल गए हैं, महंगाई के बारे में भूल गए हैं।

कितनी बार मोदी सरकार?

मैं यहां आ रही थी तो मैंने सोचा मैं भी सुनूं मोदी जी क्या कह रहे हैं तो भाषण ढूंढ़ा उनका इंटरनेट पर, खोला और सुनने लगी। पांच मिनट भाषण सुना तो मैंने सोचा मुझसे गलती हो गई क्या? ये तो पिछले चुनाव का भाषण दे रहे हैं, कहीं पिछले चुनाव का उत्तराखंड का कोई भाषण खोल दिया क्या? लेकिन वो तो अभी दो दिन पहले ऋषिकेश का भाषण था। बात वो वही कह रहे थे, जो पांच वर्ष पहले कह रहे थे। जो बातें कह रहे थे उनको सुनकर मुझे ताज्जुक हुआ। सबसे पहले तो उन्होंने कहा कि बार-बार मोदी सरकार। अब मन में ये बात है कि कितनी बार मोदी सरकार। अब ये बार-बार मोदी सरकार नहीं चलेगी। इस बार जनता की सरकार बननी चाहिए।

मोदी के भाषण को बताया कर्मकांड

प्रियंका ने उत्तराखंड में मोदी के भाषण को कर्मकांड बताया। उन्होंने कहा कि मंच पर मोदी ऐसे-ऐसे शब्द बोलते हैं देवभूमि-धर्म, लेकिन सच्चाई बहुत दूर है इससे। सच्चाई यह है कि हिन्दू धर्म में आस्था का प्रमाण त्याग होता है। प्रियंका ने कहा कि मैंने त्याग देखा है। मैं 19 साल की उम्र में अपने पिता की टुकड़ों में हुई लाश अपनी मां के सामने रखी देखी। मैं शहादत को समझती हूं, त्याग को समझती हूं। कितनी भी गालियां दें ये मेरे परिवार को। उस शहीद पिता का ये अपमान करें, ये हमारी संघर्ष, श्रद्धा और देशभक्ति कभी नहीं समझ सकते।

कितना दोष देते रहेंगे कांग्रेस को ?

प्रियंका ने कहा कि मोदी उत्तराखंड में पर्यटन की बात करते हैं, तमाम योजना गिनाते हैं, लेकिन सच्चाई कुछ और है। बेरोजगारी, महंगाई ही नहीं पेपर भी लीक हो जाता है। 20-20 लाख की नौकरियां बिक जाती हैं। 10 वर्षों से किसका राज है, कितना दोष देते रहेंगे कांग्रेस को। जबकि 10 वर्षों से भाजपा की ही सत्ता है।

यह भी पढ़ें:ईरान-इजराइल तनाव बढ़ा