मोदी जी खुद को महान मानकर लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं: सोनिया गांधी

sonia gandhi
sonia gandhi

बोलीं: यह देश कुछ लोगों की जागीर नहीं, आज लोकतंत्र खतरे में

जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडिम में रैली की। इस रैली में कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।

सोनिया गांधी ने कहा कि यह देश कुछ लोगों की जागीर नहीं है। लेकिन दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं, जो लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं। देश से बड़ा कोई नहीं हो सकता है। आज लोकतंत्र खतरे में हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है। हमारे संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। ये सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे।

विपक्ष के नेताओं को डराया जा रहा है

सोनिया गांधी ने कहा कि आज देश में विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और भाजपा में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। इसे बचाने के लिए हमसब एकजुट हुए हैं। आज रोज की कमाई से खाने-पीने का सामना इक_ा कर पाना मुश्किल है। रसोई गैस की बढ़ती कीमत हमारी माताओं-बहनों के सामने मुश्किल खड़ी कर रही है।

यह समय हताशा से भरा

उन्होंने आगे कहा कि हमारा देश पिछले 10 साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मोदी सरकार ने जो-जो किया है वो आपके सामने है, इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है। लेकिन हताशा के साथ ही उम्मीद का भी जन्म होता है।

भाजपा सरकार आते ही राजस्थान में चिरंजीवी योजना बंद हो गई: प्रियंका

रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्रीजी पहले जिन्हें भ्रष्टाचारी कहते थे आज उन्हें ही अपनी पार्टी में ले रहे हैं। आज देश में बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार आते ही राजस्थान में चिरंजीवी योजना बंद हो गई और 25 लाख का बीमा अब 5 लाख हो गया। परिस्थितियां इतनी खराब हैं कि देश में सुनवाई ही नहीं है।

हमारा घोषणा पत्र देश की आवाज

कांग्रेस के घोषणा पत्र पर प्रियंका ने कहा कि हमारे घोषणा पत्र को हमने न्याय पत्र का नाम दिया है ताकी ये स्पष्ट हो कि ये सिर्फ घोषणाओं की एक सूची नहीं है जिन्हें हम चुनाव के बाद भूल जाएंगे। ये एक संघर्ष की आवाज है, इस देश की आवाज है जो आज न्याय मांग रही है।

कांग्रेस सत्ता में आई तो 25 गारंटियां पूरी करेगी: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली को संबोधित करते हुए कहाा कि अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है तो हमने 25 गारंटी पूरी करने का वादा किया है। पीएम मोदी के विपरीत, हम झूठ नहीं बोलते.. उन्होंने कई गारंटियां दी हैं, लेकिन मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि अब तक कौन सी गारंटी पूरी हुई है? उन्होंने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने की गारंटी दी थी, तो पिछले 10 साल में उन्हें 20 करोड़ नौकरियां देनी चाहिए थीं। मैं पूछना चाहता हूं कि आपको 20 करोड़ नौकरियां मिलीं क्या? मोदी ने कहा था कि विदेशों में जमा काला धन लाकर 15-15 लाख दूंगा, लेकिन नहीं दिया। प्रधानमंत्री सिर्फ झूठ बोलते हैं। नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा था कि किसानों की आमदनी दोगुनी कर दूंगा, क्या उन्होंने किया? मोदी जी झूठों के सरदार हैं। मुझे नहीं पता वह क्यों इतना झूठ बोलते हैं।