मोदी, शाह, राहुल ने दी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह

पीएम बोले- डॉक्टर साहब का जीवन, उनकी ईमानदारी-सादगी का प्रतिबिंब

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 92 साल के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इधर, केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी गई और शोक प्रस्ताव पारित किया गया। मनमोहन लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8.06 बजे दिल्ली आईआईएमएस लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9.51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह

मैंने अपना गुरु खो दिया : राहुल

राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने एक्स पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया। इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।

मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। जानकारी के मुताबिक, मनमोहन का अंतिम संस्कार कल होगा। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय करेगा।

कांग्रेस मुख्यालय पर आज शाम मनमोहन का श्रद्धांजलि दी जाएगी

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी मुख्यालय पर शाम 5.30 बजे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसमें कांग्रेस वर्किंग कमेटी मेंबर्स, विशेष रूप से आमंत्रित सदस्य भी शामिल होंगे।

आरएसएस ने कहा- देश मनमोहन के योगदान को याद रखेगा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि वे सामान्य परिवार से थे और देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे। वे विख्यात अर्थशास्त्री थे। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को सद्गति दें।

यह भी पढ़ें : राजस्थान के 24 शहरों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी