मॉनसून मीटर: अगले तीन दिन पूरे उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मॉनसून
मॉनसून

मौसम विभाग ने कहा: तेज गति से आगे बढ़ रहा मॉनसून

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेज गति पकड़ते हुए सोमवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के अधिक हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके अगले चार पांच दिनों में पूरे भारत को कवर करने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए पूरे उत्तर भारत में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

चार-पांच दिनों में यह पूरे भारत को कवर कर लेगा मॉनसून

सोमवार को मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के अधिक हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अभी यह उत्तर पश्चिम राजस्थान, दक्षिण पंजाब और दक्षिण पश्चिम हरियाणा को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर चुका है। आने चार-पांच दिनों में यह पूरे भारत को कवर कर लेगा। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान पूरे उत्तर भारत में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हरिद्वार में वर्षा
हरिद्वार में वर्षा

हरिद्वार में वर्षा के कारण जलभराव

हरिद्वार में मॉनसून की शुरुआत ने ही सारे इतंजामों की पोल खोल दी है। मूसलाधार बारिश के कारण हरिद्वार शहर जलमग्न हो गया। हरिद्वार में बीती देर रात हुई मूसलाधार बारिश से रानीपुर मोड़ पर जलभराव हो गया। जलभराव में एक छोटा वाहन फंस गया। वाहन चालक पानी का अंदाजा नहीं लगा पाया कि कितना पानी भरा है। वाहन बीच में ही बंद हो गया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। एक बाइक सवार भी पानी के बीच से पैदल बाइक निकालते हुए दिखाई दिए।

दो दिन पहले भी बिगड़े थे हालात

बीते दो दिन पहले कारें पानी में बह गई थी। कार बहने की तस्वीरें भी वायरल हुई थीं। प्रशासन ने रानीपुर मोड़ की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए 15 करोड़ रुपए की योजना बनाई थी लेकिन यह योजना केवल फाइलों में ही अटकी हुई है। आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस बरसात में भी लोगों को इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें:राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा: भाजपा हिंसा करवाती है