
मुंबई पुलिस को हिट एंड रन केस में मिली बड़ी कामयाबी
मुंबई। मुंबई के वर्ली में हिट एंड रन केस में पुलिस को तीसरे दिन बड़ी कामयाबी मिली है। महाराष्ट्र के विरार से पुलिस ने मुख्य आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार कर लिया है। मिहिर शाह ही वो शख्स है जिसकी गाड़ी से एक्सीडेंट होने के बाद एक महिला की जान चली गई थी।
रविवार सुबह हुए इस हादसे के बाद मिहिर फरार हो गया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस ने बताया था कि भागने से पहले मिहिर ने अपनी कार को बांद्रा में छोड़ दिया था और ड्राइवर राजऋषि को कला नगर के पास छोड़कर चला गया था. इसके बाद राजऋषि भी ऑटो-रिक्शा लेकर बोरीवली आ गया था। साथ ही शुरुआती जांच में पुलिस को यह भी पता चला था कि जिस कार से हादसा हुआ है, उसका बीमा नहीं है। कार के इंश्योरेंस की समय सीमा खत्म हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में मिहिर के पिता और शिवसेना नेता राजेश शाह को हिरासत में लिया था क्योंकि जिस कार से हादसा हुआ वह उनके नाम पर रजिस्टर्ड थी।
एक दिन पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था
मुम्बई पुलिस ने सोमवार को ही मिहिर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया गया था।
हिट एंड रन केस में महिला की हुई थी मौत
गौरतलब है कि वर्ली के कोलीवाड़ा में रहने वाले मछुआरा पति-पत्नी प्रदीप नखवाऔर कावेरी नखवा मछली लेने के लिए ससून डॉक गए थे। मछली से लदी अपनी स्कूटी के साथ वापस लौटते समय उन्हें एक बीएमडब्ल्यू कार ने पीछे से टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में घायल कावेरी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति प्रदीप को गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
कुछ दिन पहले पुणे में हुआ था हिट एंड रन केस
कुछ दिन पुणे में एक नाबालिग ने अपनी पोर्श कार से बाइक सवार लड़के और लड़की को टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। लड़का और लड़की पुणे की एक आईटी कंपनी में जॉब करते थे। गत 29 जून की सुबह अंधेरी ईस्ट फ्लाईओवर पर भी एक दुर्घटना हुई थी।
यह भी पढ़ें:मुम्बई पानी-पानी: सभी परीक्षाएं स्थगित, स्कूलों में छुट्टी