मुख्तार अंसारी का शव सुपुर्द-ए-खाक

mukhtar ansari
mukhtar ansari

बेटे ने पिता की मूछों पर ताव देकर किया विदा

गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी का शव उसके पुश्तैनी कब्रिस्तान युसुफपुर के कालीबाग में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। मुख्तार की कब्र उसके पिता सुभानउल्ला अंसारी व मां बेगम राबिया खातून की कब्र के समीप खोदी गई। मुख्तार के जनाजे में भारी संख्या में लोग उमड़े। हालांकि प्रशासन ने केवल परिवार वालों को ही कब्रिस्तान में जाने की इजाजत दी।
मुख्तार के शव को कांच के ताबूत में रखा गया था। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई जिसमें मुख्तार अंसारी का बेटा उमर अपने पिता की मूंछों पर ताव देता हुआ दिखाई दिया।

परिवार वालों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

मुख्तार के परिजनों में उनके बड़े भाई सांसद अफजाल अंसारी, पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी, भतीजे मुहम्मदाबाद विधायक सुहेब अंसारी, बेटा उमर अंसारी सहित सभी ने मुख्तार के कब्र पर मिट्टी देकर अंतिम विदाई दी।

बेटे ने की शांति की अपील

कब्रिस्तान में नहीं जाने देने के कारण लोग कब्रिस्तान के बाहर भारी संख्या में जमा हो गए। भारी भीड़ को देखते हुए मुख्तार के बेटे उमर ने खुद माइक ले लिया। उसने लोगों से पीछे हटने की अपील की, साथ ही लोगों को शांति बनाने की भी अपील की। भारी पुलिस बल और लोगों के हुजूम के बीच मुख्तार अंसारी को दफन कर दिया गया।