नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘सेंट्रल विस्टा’ परियोजना के तहत निर्मित कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस भवन को गढ़ने वाले श्रमयोगियों की अथक मेहनत और संकल्प-शक्ति का आज पूरा देश साक्षी है।
यह अत्याधुनिक भवन सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का एक हिस्सा है। इसे दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर मौजूद मंत्रालयों और विभागों को एक ही स्थान पर लाने के लिए बनाया गया है, ताकि प्रशासनिक दक्षता और सहयोग को बढ़ाया जा सके। कर्तव्य भवन-3 में गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय सहित कई अहम विभागों के कार्यालय होंगे।
कर्तव्य भवन विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसे गढ़ने वाले हमारे श्रमयोगियों की अथक मेहनत और संकल्प-शक्ति का आज देश साक्षी बना है। उनसे संवाद कर अत्यंत प्रसन्नता हुई है। pic.twitter.com/xxf4WyBE5K
— Narendra Modi (@narendramodi) August 6, 2025
प्रधानमंत्री ने उद्घाटन से पहले श्रमिकों के साथ संवाद किया और उनके परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि वे देश के गौरव हैं। इस भवन में आधुनिक सुविधाएं जैसे सौर पैनल, ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन और जल पुनर्चक्रण प्रणाली जैसी पर्यावरण-अनुकूल विशेषताएँ भी शामिल हैं।
यह भी पढ़े : रक्षाबंधन पर राजस्थान की महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सौगात