नई दिल्ली: पिछले दो दिनों में दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक मीटर से ज्यादा कम हो गया है, जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को कुछ राहत मिली है। दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 206.43 मीटर दर्ज किया गया, जो गुरुवार को 207.46 मीटर था।
हालांकि, अभी भी यमुना का पानी कई किलोमीटर तक फैला हुआ है। ड्रोन से ली गई तस्वीरों में यह साफ देखा जा सकता है कि पानी खजूरी चौक, शास्त्री पार्क, गीता कॉलोनी, अक्षरधाम और मयूर विहार जैसे इलाकों तक पहुंच गया है। यमुना किनारे उगाई जाने वाली फसलें भी जलमग्न हो चुकी हैं।
प्रशासन बाढ़ पीड़ितों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के पास से राहत शिविरों में पहुंचा रहा है और वहां की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का काम कर रहा है। शुक्रवार देर रात, लोहे के पुल के पास एक गौशाला में पशुओं के फंसे होने की सूचना मिलने पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां फंसे गायों और बछड़ों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की व्यवस्था करवाई। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा और देखभाल का भी पूरा ध्यान रखेगी। जिन जगहों से पशुओं को निकालना संभव नहीं है, वहां उनके लिए भोजन और चारे की व्यवस्था की जा रही है।
यह भी पढ़े : हेरिटेज संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध: दीया कुमारी