शाह का दावा: पांच चरणों के बाद भाजपा ने पार किया 310 सीटों का आंकड़ा

शाह का दावा
शाह का दावा

ओडिशा में भी हर जगह कमल खिलेगा

नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव के पांच चरणों के मतदान में 310 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश भर में 5 चरण के चुनाव समाप्त हो चुके हैं। इन 5 चरणों में मोदी जी 310 पार कर गए हैं, अब छठे और सातवें चरण में आपको मोदी जी को 400 पार कराना है। उन्होंने कहा कि इस बार ओडिशा में हर जगह कमल खिलेगा।

यह चुनाव देश को समृद्ध, सुरक्षित बनाने के लिए

शाह ने कहा कि देश भर के मतदाताओं के लिए सिर्फ 400 पार का लक्ष्य है। मगर मेरे ओडिया भाइयों को इसके साथ-साथ विधानसभा में भी 75 से ज्यादा सीटों पर कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश को समृद्ध, सुरक्षित और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। वहीं दूसरी ओर ओडिशा को समृद्ध करने और ओडिया भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति के सम्मान को फिर से प्रस्थापित करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने हमेशा ओडिया भाषा और संस्कृति का गौरव बढ़ाने का काम किया है। मोदी जी ने हमारे ओडिशा के गरीब और आदिवासी के घर की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर समग्र ओडिशा का सम्मान करने का काम किया है।

ताकि किसी युवा को ओडिशा छोड़कर नहीं जाना पड़े

अमित शाह ने कहा कि हम ऐसा ओडिशा बनाना चाहते हैं, जिसमें किसी युवा को अपना परिवार छोड़कर किसी अन्य राज्य में मजदूरी करने न जाना पड़े। उसे अपने प्रदेश में ही काम मिल जाए। उन्होंने कहा कि आप भाजपा की सरकार बना दीजिए, हम मेहनत करने वाला युवा और जोशीला मुख्यमंत्री देकर ओडिशा को समृद्ध बनाएंगे। मैं आज कहकर जाता हूं, समग्र ओडिशा का पूर्ण विकास हो, इसके लिए भाजपा कटिबद्ध है।

नवीन बाबू की सरकार झोले की सरकार

बीजद पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि नवीन बाबू की सरकार झोले की सरकार है। मोदी जी यहां जो 5 किलो चावल, प्रतिव्यक्ति, प्रतिमाह भेजते हैं, नवीन बाबू उसपर अपने फ़ोटो वाला झोला लगाने का काम करते हैं। यहां महाप्रभु के रत्न भंडार की चाबियां गुम हो गईं, नकली चाबी बनाई गई। कोई नहीं बताता कि रत्न भंडार कितनी बार खुला। रत्न भंडार की जांच रिपोर्ट को छिपाया गया। मैं आपको कह कर जाता हूं, आप भाजपा सरकार बना दो, रत्न भंडार के एक-एक पैसे का हिसाब हम प्रदेश की जनता के सामने रखेंगे।

यह भी पढ़ें:महाराजगंज में मोदी की एक और गारंटी: मैं आपके लिए दिन-रात मेहनत करूंगा