
क्रूज ड्रग्स मामले में नवाब मलिक नित नये नये खुलासे कर रहे हैं। अब एक बार फिर मलिक ने नया खुलासा कर सबको चौंका दिया है। मलिक ने भाजपा के मोहित कंबोज उर्फ मोहित भारतीय पर हमला बोला है। मलिक ने यह भी दावा किया है कि कंबोज के समीर वानखेड़ेे से करीबी संबंध हैं। मलिक ने यह भी कहा कि मोहित कंबोज पर 1100 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी का आरोप था। मलिक ने आर्यन खान केस का रुख मोड़ते हुए कहा कि ये पूरा मामला अपहरण और फिरौती का है। आर्यन खान खुद टिकट खरीदकर क्रूज पर नहीं गए थे।
उन्हें वहां प्रतीक गाबा और आमिर फर्नीचरवाला लेकर आए थे। वहां से आर्यन खान को किडनैप किया गया और 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई।
मोहित कंबोज फिरौती मांगने में वानखेड़े का पार्टनर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्यन खान को ट्रैप किया, लेकिन एक सेल्फी ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। मलिक ने यह भी कहा कि वे जल्द ही वानखेड़ेे और मोहित कंबोज की मीटिंग के वीडियो जारी करेंगे।