जापान में वायरस का नया स्ट्रेन मिला, ब्राजील से पहुंचा

अमेरिका और ब्रिटेन में वैक्सीनेशन शुरू हो चुका है, भारत में भी इसी हफ्ते वैक्सीनेशन शुरू होगा। वहीं, कोरोनावायरस का लगातार स्वरूप (म्यूटेशन) बदल रहा है। अब जापान में वायरस का नया स्वरूप सामने आया है। यह वहां ब्राजील से पहुंचा।

यह स्ट्रेन ब्रिटेन और साउथ अफ्रीका में मिले स्ट्रेन से अलग है। जापान सरकार के मुताबिक, चार लोगों में नया स्ट्रेन मिला है, जिनमें 40 साल का एक पुरुष, 30 साल की महिला और 2 किशोर है। इससे पहले जापान में ब्रिटेन और साउथ अफ्रीकी स्ट्रेन के करीब 30 मामले सामने आ चुके हैं।

इस बीच, कोरोनावायरस के दुनिया में 9 करोड़ 06 लाख 93 हजार 590 मामले आ चुके हैं। अब तक 19 लाख 43 हजार 173 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात यह कि 6 करोड़ 48 लाख 13 हजार 856 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

रूस और मैक्सिको में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन से संक्रमित मरीज मिले हैं। इस वैरिएंट के बारे में सबसे पहले ब्रिटेन में पता चला था। इसके मरीज भारत समेत 40 से ज्यादा देशों में मिल चुके हैं। मैक्सिको के तमौलिपास राज्य की हेल्थ सेक्रेटरी ग्लोरिया मोलिना गंबोआ ने बताया कि विदेश से आए एक व्यक्ति में वायरस के नए वैरिएंट B117 की पुष्टि हुई है। यह 29 दिसंबर को यहां आया था।

उन्होंने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के साथ सफर करने वाले लोगों और विमान के क्रू मेंबर की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं, देश के राष्ट्रपति के स्पोक्समैन जीसस रामिरेज क्यूवास ने रविवार को खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उनकी सेहत ठीक है और हेल्थ प्रोटोकाल का पालन करते हुए वे घर से ही काम करेंगे।

इसी तरह रूस ने अपने यहां नए स्ट्रेन के पहले केस की पुष्टि की है। यह शख्स ब्रिटेन से लौटा था। कोविड-19 रिस्पॉन्स सेंटर के मुताबिक, रूस में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,851 नए मामले सामने आए हैं। वैक्सीनेशन शुरू होने के बावजूद यहां नए मरीजों की संख्या में बहुत कमी नहीं दिखी है।