
जयपुर। डीडी राजस्थान द्वारा दर्शकों के लिए निर्मित नव वर्ष विशेष कार्यक्रम “राग- रंग 2024” का प्रसारण आज नव वर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर को रात 9 बजे डीडी राजस्थान पर किया जाएगा। दूरदर्शन केंद्र जयपुर की कार्यक्रम प्रमुख सीमा विजय ने बताया कि यह कार्यक्रम राजस्थान के लोक संगीत और नृत्यों पर आधारित हैं जिसमें युवा कलाकारों को अवसर दिया गया है। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम प्रमुख ने यह भी बताया कि इस विशेष कार्यक्रम राग- रंग 2024 का निर्माण एवं निर्देशन सम्मिलित रूप से डीडी राजस्थान के तीन प्रोड्यूसर वीरेन्द्र कुमार परिहार, चेतन प्रकाश और राजसिंह द्वारा किया गया हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए इसमें कत्थक एवं लंगा शैली के कलाकारों की प्रस्तुतियों को भी शामिल किया गया हैं। कार्यक्रम निर्माण में नव वर्ष की थीम को केंद्रित करते हुए राग- रंग 2024 का निर्माण किया गया है। यह कार्यक्रम रागों और रंगों से परिपूर्ण है इसलिए इसका नाम राग- रंग 2024 रखा गया है। कार्यक्रम में राजस्थानी सांस्कृतिक विरासत एवं सांगीतिक धरोहर के दर्शन होते हैं।
यह भी पढ़ें : एईई की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ