
राजभवन में सांय 4 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह, मुख्य न्यायाधिपति मनिन्द्र मोहन श्रीवास्तव दिलाएंगे शपथ
जलतेदीप, जयपुर। राजस्थान के नव नियुक्त राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे बुधवार 31 जुलाई को राजभवन में आयोजित समारोह में शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल बागडे को मुख्य न्यायाधिपति मनिन्द्र मोहन श्रीवास्तव शपथ ग्रहण करवाएंगे।
राज्यपाल के सचिव गौरव गोयल ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में 31 जुलाई को सांय 4 बजे आयोजित होगा।
हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने विधायक पद से दिया इस्तीफा
उधर, मुम्बई से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के राज्यपाल पद पर नियुक्त होने के बाद सोमवार को हरिभाऊ बागड़े ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। हरिभाऊ बागड़े छत्रपति संभाजीनगर जिले के फुलंबरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर 2019 में विधायक चुने गए थे।
विधानमंडल सचिवालय ने हरिभाऊ किसनराव बागड़े को किया सम्मानित
हरिभाऊ बागड़े 2014 से 2019 तक विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। इसलिए सोमवार को विधानमंडल सचिवालय ने हरिभाऊ बागड़े को सम्मानित किया। इसके साथ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी राजस्थान का राज्यपाल बनने पर हरिभाऊ बागड़े को सम्मानित किया। इसके बाद हरिभाऊ बागड़े विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मिले और उन्हें अपने विधायक पद का इस्तीफा सौंपा, जिसे अध्यक्ष ने तत्काल मंजूर कर लिया।
क्षेत्र में हरिभाऊ नाना के नाम से लोकप्रिय
उल्लेखनीय है कि हरिभाऊ बागड़े बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। 1985 में वह पहली बार औरंगाबाद पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने गए। तब से वह फुलंबरी विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक रहे हैं। वह निर्वाचन क्षेत्र में हरिभाऊ नाना के नाम से लोकप्रिय हैं। हरिभाऊ किसनराव बागड़े महाराष्ट्र सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। 2014 में, जब भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में सरकार बनाई तो उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसीलिए भाजपा ने उन्हें राज्यपाल के रूप में मौका देकर उनकी वरिष्ठता का सम्मान किया है और हरिभाऊ बागड़े राजस्थान के 45वें राज्यपाल बन गए हैं।
यह भी पढ़ें:लोगों को अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह में घेर रही सरकार: राहुल गांधी