नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को लेंगी शपथ

Newly elected President Draupadi Murmu
Newly elected President Draupadi Murmu

नई दिल्ली । द्रौपदी मुर्मू को देश के अगले राष्ट्रपति के रूप में आधिकारिक रूप से निर्वाचित घोषित किया गया है। वह देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में 25 जुलाई को शपथ लेंगी।

राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने गुरुवार रात द्रौपदी मुर्मू के विजयी होने की आधिकारिक घोषणा की। इसके बाद पीसी मोदी ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दिल्ली स्थित आवास पर जाकर उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।

इससे पहले निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के मतदान में कुल 4754 मत पड़े, जिनमें से 4701 वैध और 53 अवैध पाये गये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने के लिए एक उम्मीदवार को पांच लाख 28 हजार 491 मत मूल्य की जरुरत थी। मुर्मू को डाले गये कुल वैध मत 4701 में से प्रथम वरीयता के 2824 मत मिले जिनका मूल्य 6 लाख 76 हजार 803 है। उनके प्रतिद्वंदी विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1877 मत मिले जिनका मूल्य तीन लाख 80 हजार 177 है। इस प्रकार मुर्मू द्वारा हासिल किये गये प्रथम वरीयता के मत विजय के लिए जरूरी मत संख्या से अधिक हैं। निर्वाचन अधिकारी मोदी ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी के रूप में वह राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के विजयी होने की घोषणा करते हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा-नीत राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू विजयी घोषित की गयी हैं। वह देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में 25 जुलाई को शपथ लेंगी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।