तलावदा में नौ दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

चित्तौडग़ढ़। बड़ीसादड़ी 7 क्षेत्र के तलावदा गांव में नवनिर्मित कालिका माता मन्दिर व अम्बा माता प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव चल रहा है। 2 से 10 दिसम्बर तक आयोजित इस अनुष्ठान में प्रतिदिन संतों के प्रवचन, कलश यात्रा, भजन संध्या एवं विभिन्न धार्मिक गतिविधियां सम्पादित हो रही है। ग्रामीणों की सहभागिता से हो रहे इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में महिला, पुरुष, युवा व बच्चे हर्षित व उल्लासिता से भाग ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों के सहयोग से हाल ही में कालिका माताजी एवं अंबा माताजी के मंदिर का निर्माण किया गया है। इन दिनों पूरे गांव में एक जश्न सा माहौल है। 2 दिसंबर को जल यात्रा हेमाद्रि प्रायश्चित स्नान व संकल्प कार्यक्रम के साथ यज्ञ शुरू हुआ। यज्ञाचार्य पंडित राम प्रसाद चाष्टा व उनकी टीम इस अनुष्ठान को संपन्न करवा रहे हैं।

आयोजन समिति के पूर्व सरपंच देवेंद्र सिंह झाला व जसवंत शर्मा ने बताया कि 6 दिसंबर को महामंडलेश्वर चेतन दास महाराज के मुख्य आतिथ्य में स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य आश्रम के स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज के द्वारा शाम सवार 7 बजे प्रवचन होंगे। 7 दिसंबर को मंदसौर की अनुष्का भटनागर एण्ड पार्टी द्वारा भजन संध्या की जाएगी।

बुधवार 8 दिसंबर को पाली से सोनू सिसोदिया एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जायेगी। 9 दिसंबर रात्रि में आरती भगवत सुथार और आकृति मिश्रा एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। 10 दिसंबर को सुबह 10:15 बजे स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज के कर कमलों द्वारा मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी का कार्यक्रम होगा। नौ दिन चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में आस-पास के कई गांवों से सैंकड़ों धर्म प्रेमी लोग जुड़कर लाभ ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अभियान में दिया पर्यावरण बचाओ का संदेश