
जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। वे विकास कार्यों की प्रगति से संतुष्ट है। लिफ्ट नहर का तीसरा चरण शुरू हो गया है। इससे पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। वे आज दोपहर में बाड़मेर रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जोधपुर के विकास में पहले भी कोई कसर नहीं छोड़ी गई। आगे भी इसके लिए पूरा प्रयास जारी रहेगा। राजीव गांधी लिफ्ट नहर के तीसरे चरण का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके पूरा होने के बाद जोधपुर में पेयजल की कोई किल्लत नहीं रहेगी। एक सप्ताह में दो बार शहर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के बारे में उन्होंने कहा कि लगातार मॉनिटरिंग से काम समय पर पूरे होते है। और लोगों को इनका लाभ शीघ्रता से मिलना शुरू हो जाता है।
रिफाइनरी पर भाजपा ने लेट किया
पचपदरा में बन रही रिफाइनरी के बारे में गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझ कर प्रदेश के सबसे अहम प्रोजेक्ट को लेट किया गया। प्रोजेक्ट लेट होने के कारण इसकी लागत चालीस हजार करोड़ से बढकऱ अब 72 हजार करोड़ रुपए हो चुकी है। गहलोत ने दावा किया कि जनहित के कार्यों को हमारी सरकार ने कभी नहीं रोका।
कई एजेंसियां केंद्र के दबाव में कर रही कार्य
केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए गहलोत ने कहा कि सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी सहित अन्य एजेंसियों पर केंद्र सरकार का दबाव है। इस कारण से ये एजेंसियां खुलकर काम नहीं कर पा रही है। अब तो सुप्रीम कोर्ट के जज को भी कहना पड़ रहा है कि इन एजेंसियों को दबाव रहित परिस्थितियों में काम करने दिया जाए।
कांग्रेस का महंगाई के विरूद्ध धरना: मुख्यमंत्री ने कहा- जनता परेशान
शहर में शनिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना दिया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व ने कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में यह धरना दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण देश के हालात गंभीर होते जा रहे हैं। कोरोना के कारण लोगों की नौकरियां चली गईं। वेतन कम कर दिया गया। ऊपर से महंगाई की मार ने तोड़ कर रख दिया है।
तेल कीमतों पर केंद्र सरकार पर हमला
गहलोत ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। पांच राज्यों में चुनाव के कारण केन्द्र सरकार ने थोड़े दिन तक दामों में बढ़ोतरी को रोके रखा। चुनाव पूरे होते ही दाम बढ़ाना शुरू कर दिया। पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे का असर रोजमर्रा की चीजों पर भी होगा, उनके दाम भी बढ़ेंगे। ट्रांसपोर्ट के दाम बढऩे का असर सभी चीजों पर पड़ता है। गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार का वित्तीय प्रबंधन गड़बड़ाया हुआ है। इनमें संवेदना नहीं है। वर्ष 2014 में झूठ बोल ये लोग सत्ता में आए। कहा गया कि अच्छे दिन आएंगे। अब अच्छे दिन लोगों के सामने हैं। महंगाई ने प्रत्येक घर का बजट गड़बड़ा कर रख दिया है।
हार-जीत चलती रहेगी, कांग्रेसी जुटे रहें
धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं से गहलोत ने कहा कि चुनाव में हार-जीत चलती रहती है। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। इंदिरा गांधी तक स्वयं चुनाव हार गईं थीं। 1977 की हार के बावजूद कांग्रेस फिर से उठ खड़ी हुई। 1977 से 80 तक विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने कई आंदोलन चलाए। आज कांग्रेस में बड़े नेता अधिकांश उस दौर की उपज हैं। मैं स्वयं भी उस दौर में आगे बढ़ा। ऐसे में बगैर किसी चिंता के जनता की सेवा में जुटे रहें।