सिर्फ ये फल ही नहीं इनकी पत्तियां भी हैं काफी फायदेमंद

आहार

डायबिटीज से लेकर वजन घटाने तक में कारगर

स्वस्थ शरीर के लिए आहार में पौष्टिक चीजों को शामिल करना सबसे आवश्यक माना जाता है। इसके लिए रोजाना फलों के सेवन से बेहतर और क्या विकल्प हो सकता है? विशेषकर मौसमी फलों का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। फलों से शरीर के लिए दैनिक रूप से आवश्यक विटामिन्स और मिनरल्स की आसानी से प्राप्ति हो सकती है। इतनी ही नहीं कुछ फलों के सेवन को कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने वाला भी पाया गया है। पर क्या आप जानते हैं कुछ फलों के साथ-साथ उनके पत्ते भी काफी लाभकारी हो सकते हैं?

आम के आम गुठलियों के भी दाम वाली कहावत आपने भी जरूर सुनी होगी, फलों के साथ-साथ इनकी पत्तियों से होने वाले स्वास्थ्य लाभ को इसी का एक उदाहरण माना जा सकता है।

आयुर्वेद में कई ऐसे फलों को जिक्र मिलता है, जिनकी पत्तियों को कई प्रकार के घरेलू उपचार और दवाइयों को बनाने में प्रयोग में लाया जाता रहा है। आइए ऐसे ही फलों और उनकी पत्तियों से होने वाले फायदों को बारे में जानते हैं।

अमरूद की पत्तियों के फायदे

आहार
आहार

अमरूद की पत्तियों को आयुर्वेद में कई प्रकार के फायदों के लिए प्रयोग में लाया जाता रहा है। भोजन के बाद अमरूद के पत्तों की चाय पीने से रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है। अमरूद के पत्तों के अर्क को कई अध्ययनों ने एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुणों के लिए प्रभावी बताया है। यह पेट की समस्याओं को दूर करने के साथ मुंह के छालों को ठीक करने में भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

पपीते की पत्तियों का सेवन

आहार
आहार

पपीते की पत्तियों को आयुर्वेद के साथ मेडिकल साइंस ने भी कई गंभीर बीमारियों के लक्षणों को कम करने के लिए फायदेमंद पाया है। विशेषकर डेंगू बुखार से संबंधित लक्षणों के इलाज में इसका सेवन आपको विशेष लाभ दे सकता है। डेंगू में कम होने वाले प्लेटलेट्स के स्तर में पपीते की पत्तियों के सेवन से फायदा पाया जा सकता है। इसके अलावा विशेषज्ञों का कहना है कि पपीते की पत्तियों का अर्क ब्लड शुगर के स्तर को संतुलित बनाए रखने में सहायक भी हो सकता है।

आम की पत्तियां भी फायदेमंद

आहार
आहार

आम का फल तो सभी को पसंद होता है, पर क्या आप जानते हैं कि इसकी पत्तियां भी कई प्रकार से आपको लाभ प्रदान कर सकती हैं। विशेषकर इसे फैट को कम करने में लाभकारी माना जाता है। आम के पत्तों का अर्क मेटाबॉलिज्म को ठीक करके शरीर पर जमे अतिरिक्त फैट को कम करने में आपकी मदद कर सकता है। डायबिटीज और मेटाबॉलिक सिंड्रोम को मैनेज करने में भी इसके अर्क को फायदेमंद पाया गया है।

यह भी पढ़ें : कश्मीरी पंडितों को आतंकियों ने फिर बनाया निशाना