यूथ कांग्रेस में नोटिस विवाद ने तूल पकड़ा, 43 पदाधिकारियों को नाटिस जारी कर जवाब मांगा

तीन सीटों पर उपचुनाव की तैयारियों के बीच राजस्थान यूथ कांग्रेस में नोटिस विवाद तूल पकड़ रहा है। राजसमंद में 22 और 23 मार्च को हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में नहीं पहुंचने वाले 43 पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर कल यानी शनिवार तक जवाब मांगा गया है। तय समय में जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इस नोटिस के सार्वजनिक होने से सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जिन 43 पदाधिकारियों को नोटिस दिए गए हैं। उनमें दो प्रदेश उपाध्यक्ष, 10 प्रदेश महासचिव, 18 प्रदेश सचिव और 14 जिलाध्यक्ष शामिल हैं। ये नोटिस प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोघरा, प्रदेश प्रभारी डॉ पलक वर्मा ने जारी किए हैं।

यूथ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में अभी 70 पदाधिकारी हैं। इसके अलावा 39 जिलाध्यक्ष हैं। इस तरह राजसमंद में रखी गई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आधे पदाधिकारी नहीं पहुंचे। यूथ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हर महीने होती है। आम तौर पर यह बैठक जयपुर में होती है। इस बार राजसमंद में रखी गई।