खरगे तय करेंगे राहुल की भूमिका !

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बोले राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा का आज 42वां दिन है। राहुल ने अपने 42वें दिन की यात्रा की शुरुआत आंध्रप्रदेश के कर्नूल के चागी गांव से की। इस दौरान पदयात्रा में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब तक करीब 1025 किमी से ज्यादा का सफर तय कर चुका है। वहीं, पदयात्रा से पहले राहुल गांधी ने अदोनी स्थित श्री गंगा भवानी मंदिर का दौरा भी किया। वहीं इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव पर खुलकर अपनी बात रखी।

कांग्रेस देश की अकेली पार्टी जिसने पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराए : राहुल गांधी

राहुल ने शशि थरूर द्वारा अध्यक्ष पद के चुनावों में धांधली के आरोप लगाए जाने के सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ कांग्रेस है जिसने चुनाव (पार्टी अध्यक्ष पद के लिए) कराए। हम ही ऐसी पार्टी है जिसके अंदर चुनाव आयोग है और जिसके मुखिया टी. एन. शेषन प्रकार के व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि मैने मिस्त्री जी के साथ काम किया है और वह सीधी बात करने वाले व्यक्ति हैं। कुछ भी मुद्दे सामने आते हैं वह चुनाव आयोग के सामने रखे जाएंगे और उस पर चुनाव आयोग अपना निर्णय लेगा कि चुनावों में धांधली हुई या नहीं।

मेरी भूमिका खरगे साहब तय करेंगे : राहुल गांधी

आंध्र प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपनी और ना ही कांग्रेस के अध्यक्ष की भूमिका के बारे में कुछ कह सकता हूं। वह काम (मल्लिकार्जुन) खरगे साहब का है। मेरी भूमिका क्या होगी, वह नए अध्यक्ष ही तय करेंगे।

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश करेगी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्राÓ 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश करेगी और सात नवंबर तक राज्य में रहेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) तेलंगाना के प्रभारी मणिकम टैगोर ने यह जानकारी दी। सोमवार को एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि हम भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए तैयार हैं। तेलंगाना राज्य में यात्रा का विवरण साझा करते हुए खुशी हो रही है।

राहुल की पदयात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी अपनी पदयात्रा के दौरान 12 राज्यों से गुजरकर 3,570 किलोमीटर लंबी दूरी तय करने वाले हैं। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी आर्थिक विषमताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण, राजनीतिक केंद्रीकरण की समस्याओं और विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में यह रैली कर रहे हैं।

अब तक चार राज्यों से गुजर चुकी है पदयात्रा

आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक चार राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजर चुकी है।

यह भी पढ़ें : कांगे्रस के ‘खेवनहार’ खरगे : शशि थरूर ने ट्वीट कर मानी हार