अब राजस्थान में बढ़ेगी तपिश, 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक होगी तापमान में बढ़ोतरी

राजस्थान गर्मी
राजस्थान गर्मी

जयपुर। राजस्थान में मौसम बदलना शुरू हो गया है। उत्तरी हवा की वजह से देररात अधिकांश शहरों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। वहीं, अब अगले एक सप्ताह तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। इसकी वजह से तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी।
राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा और अधिकांश शहरों में धूप रही। कल दिन में अधिक तापमान बाड़मेर में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके साथ ही डूंगरपुर में तापमान 36.8, नागौर में 36.2, सिरोही में 36.4, जैसलमेर में 38.5, जोधपुर में 37, चित्तौडग़ढ़ में 36.7 और कोटा में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर में सुबह-शाम हल्की ठंडक

जयपुर में शनिवार शाम को मामूली ठंड रही। दिनभर आसमान साफ रहा और हल्की हवा चली। दिन में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर के आसपास के जिले सीकर, दौसा में भी कल सुबह-शाम हल्की ठंडक रही। सीकर में दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अब आगे क्या?

जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र ने राजस्थान में अगले तीन दिन उत्तर-पूर्वी हवा के असर से तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव होने की और आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है।

यह भी पढ़ें : पूर्ववर्ती सरकारों के कारण नहीं बढ़ा सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन : शेखावत