अब बिहार में सार्वजनिक यात्री वाहनों में अश्लील गानों के बजने पर रहेगी रोक, नहीं माने तो परमिट होगा रद्द

बिहार सरकार ने सार्वजनिक यात्री वाहनों में अश्लील गानों के बजने से यात्रियों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए पहल की है। बिहार परिहवन विभाग ने इस पर सख्ती बरतते हुए ऐसे वाहनों की परमिट रद्द करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। 

बिहार में बसों, ऑटो समेत पब्लिक ट्रांसपोर्ट में जोर-जोर से बजाने वाले अश्लील गानों की वजह से यात्रियों खासतौर पर महिला यात्रियों को काफी शर्मिंदगी होती है। होली का त्योहार भी नजदीक है। इस दौरान अश्लील गानों की बाढ़ सी आ जती है। ऐसे में सरकार सख्ती के मूड में है। सरकारी आदेश के मुताबिक जिन वाहनों में अश्लील गाने बजाए जाएंगे, उनका परमिट रद्द कर दिया जाएगा। यह आदेश पब्लिक ट्रांसपोर्ट के सभी वाहनों पर भी लागू होगा। 

इस संबंध में परिवहन विभाग ने सभी जिलों के संयुक्त आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक और प्रवर्तन अवर निरीक्षक को निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य परिवहन प्राधिकार की बैठक में व्यावसायिक वाहनों में अश्लील गाने और वीडियो नहीं बजाने को परमिट की शर्त में जोडऩे का फैसला किया गया है।

आमतौर पर देखा जाता है कि त्योहारों में खासतौर पर होली के दौरान ज्यादा अश्लील गाने बनाए और बजाए जाते हैं। मनचले होली के त्योहार को तो महिलाओं के साथ बदतमीजी का लाइसेंस तक मान लेते हैं। ऐसे में सरकार ने महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए सख्त रूख अख्तियार किया है। 

इस बारे में सरकार को हर साल लाखों शिकायतें मिलती रही हैं। राज्य सरकार ने यह आदेश अभी जारी किया और विशेष रूप से होली के दौरान अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सरकार के आदेश को लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने भी कमर कस ली है। रिहायशी इलाकों के साथ ही स्कूल और कॉलेज परिसरों के पास इस पर रोक लगाने की विशेष पहल की जाएगी।

यह भी पढ़ें-2022 में होने वाले यूपी के विधानसभा चुनाव में हम किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगे : मायावती