देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 35.66 लाख पार पहुंची, तमिलनाडु में 30 सितंबर तक बढ़ा लॉकडाउन

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 35 लाख 66 हजार 555 हो गई है। चार दिन से 75 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं। देश में पहली बार एक दिन में साढ़े 10 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए। इसी के साथ अब तक कुल 4.14 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 78 हजार 479 कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। 64 हजार 982 संक्रमित ठीक हो गए, जबकि 943 की मौत हो गई। नए केस और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में ज्यादा अंतर नहीं होने की वजह से एक्टिव केस धीमी रफ्तार से बढ़ रहे हैं।

इस बीच, तमिलनाडु में लॉकडाउन 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने रविवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि हर रविवार को लॉकडाउन से छूट दी जाएगी। हालांकि, इस बीच सभी धार्मिक स्थल, होटल, रिजॉर्ट को फिर से खोलने का भी आदेश दिया है।

15 दिन में 10 लाख से ज्यादा केस आए

बीते 15 दिनों में ही देखें तो कुल 10 लाख 14 हजार केस आए, करीब 9 लाख 4 हजार 964 मरीज ठीक हुए और 14 हजार 525 की मौत हो गई। इससे एक्टिव केस में सिर्फ 95 हजार की बढ़ोतरी हुई। देश में अब हर 10 लाख की आबादी में 29 हजार 234 लोगों का कोरोना टेस्ट हो रहा है। इनमें 2516 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।

राजस्थान

राज्य में शनिवार को संक्रमण के 1407 नए पॉजिटिव केस सामने आए। जिसके बाद कुल मरीजों का आंकड़ा 79 हजार 380 पहुंच गया। वहीं, संक्रमण से 13 मरीजों की मौत हो गई। इनमें जोधपुर, कोटा और जयपुर में 2-2, अजमेर, बाड़मेर, बीकानेर, दौसा, धौलपुर, सिरोही और उदयपुर में 1-1 मरीज की जान गई है। राजस्थान में कोरोना से अब तक 1030 मरीजों की जान जा चुकी है। इनमें जयपुर में सबसे ज्यादा 269 मरीजों की मौत हुई।

बिहार

बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 2087 नए मरीज बड़े। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 32 हजार 935 हो गई है। हालांकि, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को राज्य में रिकवरी रेट 85.13 प्रतिशत था, जो बढ़कर 85.94 प्रतिशत हो गया है।

महाराष्ट्र

बीते 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 16867 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 7 लाख 64 हजार 281 हो गई। शनिवार को 328 मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा अब बढ़कर 24 हजार 103 हो गया है।