ओम बिरला ने की तिरंगा यात्रा की सराहना

देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने का किया आह्वान

कोटा । लोकसभा स्पीकर ओम बिरला अपने संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के 5 दिवसीय प्रवास के लिए कोटा पहुंचे हैं। इस दौरान वह विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेंगे और क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद करेंगे। बिरला शक्ति नगर स्थित अपने कार्यालय पर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

ओम बिरला ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र से आता हूं। यहां का प्रतिनिधि होने के नाते मैं यहां आता हूं और जनता की समस्याओं को सुनता हूं। यह लोकतंत्र में एक निरंतर प्रक्रिया है जहां लोगों की बातों और उनकी दिक्कतों, उनके अभावों, विकास के प्रति उनकी आकांक्षाओं के बारे में जानना जरूरी है। लोकतंत्र में जनसंवाद एक आवश्यक व्यवस्था है और दुनिया में ऐसे लोकतांत्रिक देश ही आगे बढ़े हैं। लोकतंत्र हमारी कार्यप्रणाली और आत्मा में है। इसलिए लोगों की बातों को सुनना जरूरी है और ऐसा करके हम अपना दायित्व निभाते हैं।”

इस प्रवास का एक प्रमुख आकर्षण शुक्रवार सायं 4 बजे आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा है, जिसमें बिरला स्वयं शामिल होंगे। यह यात्रा रामपुरा पीपल के पेड़ से शुरू होकर शहीद स्मारक नयापुरा तक जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस पर ओम बिरला ने कहा, “भारत की सेना के शौर्य, उनकी वीरता, उनके अतुलनीय साहस पर देश को गर्व है। हम भारत के वीर सैनिकों को सलाम करते हैं, जिन्होंने भारत के गौरव, सम्मान को बढ़ाया। लोगों के विश्वास को बढ़ाया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक सफल ऑपरेशन भारत की सेना ने किया। हम उनको सलाम करने जा रहे हैं। तिरंगा यात्रा भी उसी का एक हिस्सा है जहां राष्ट्रभक्ति की भावना जन-जन में प्रदर्शित हो रही है और देश का तिरंगा हमेशा ऊंचा रहे।”

Advertisement