मारवाड़ में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर डॉ. सतीश पूनियां ने संतों का आशीर्वाद लिया

डॉ. सतीश पूनियां
डॉ. सतीश पूनियां
  • कहा, वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं, भगवा ध्वज ही गुरु हैं, भगवान शंकर आध्यात्मिक गुरु

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिताजी दाऊलाल वैष्णव के दुखद निधन पर सतीश पूनियां ने श्रद्धांजलि अर्पित की

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार विकास की प्रयोगशाला बना, जो कभी जातिवाद की प्रयोगशाला हुआ करता था; डॉ. पूनियां

  • अशोक गहलोत के बयान पर सतीश पूनियां का पलटवार, कांग्रेस का अस्तित्व जरूर खतरे में है, राजस्थान में भाजपा की भजनलाल सरकार मजबूत है, जो राजस्थान की तरक्की के लिए कार्य कर रही

जोधपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा हरियाणा संगठन प्रभारी, भाजपा राजस्थान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनियां ने जोधपुर के एकदिवसीय प्रवास पर मंदिरों में पूजा-अर्चना कर संतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि, भारतवर्ष की संत शक्ति ने समाज को एकता के सूत्र में बांधकर धार्मिक और आध्यात्मिक ताकत के आधार पर देश एवं जनमानस को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है। पूनियां ने संघ, धर्म, राजनीति और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं और उनके लिए भगवा ध्वज ही गुरु है। उन्होंने भगवान शंकर को आध्यात्मिक गुरु और अपने राजनीतिक जीवन में जिनसे भी सीखा है, उन सभी को अपना गुरु बताया। पूनियां ने जोधपुर में पूज्य संत सैनाचार्य स्वामी श्री अचलानंदगिरि जी महाराज, पूज्य सदगुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग, पूज्य संत श्री रामप्रसाद जी महाराज का आशीर्वाद लेकर प्रदेश और देश की उन्नति की कामना की। इस दौरान उनके साथ राज्य के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल सहित प्रमुख नेतागण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डॉ. सतीश पूनियां
डॉ. सतीश पूनियां

इसके बाद सतीश पूनियां ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिताजी दाऊलाल वैष्णव के दुखद निधन पर उनके निवास स्थान पर पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि, अश्विनी वैष्णव देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट के एक अहम साथी हैं, उनकी प्रतिभा से सरकार और पार्टी को बड़ी ताकत मिलती है, खास बात यह है कि दुनिया के सबसे बड़े तीसरे रेल नेटवर्क को उन्होंने पुख्ता किया है। अश्विनी वैष्णव के पिताश्री का विगत दिनों देहावसान हुआ, उनके पिताजी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवारजनों को ईश्वर से संबल प्रदान करने की कामना की। मीडिया से बातचीत में सतीश पूनियां ने कहा कि, बिहार राज्य कभी जातिवाद की प्रयोगशाला माना जाता था, वह अब विकास की प्रयोगशाला बन गया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा-एनडीए सरकार ने पीएम आवास, आयुष्मान, श्रीअन्न, मुद्रा, जैविक खेती, रोजगार, स्टार्टअप जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारकर आमजन का जीवन बेहतर किया है, बिहार में भाजपा एनडीए की सरकार बनेगी, यह वहां की जनता ने मन बना लिया है।

डॉ. सतीश पूनियां
डॉ. सतीश पूनियां

उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुये कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा करती है, जिससे लगता है कि उन्हें हार का अंदेशा पहले से होता है, उन्होंने इसे लोकतंत्र का अपमान बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाना मूर्खता है, चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है जो मर्यादा में काम करती है। राजस्थान में पाठ्यक्रम परिवर्तन पर उन्होंने कहा कि पहले महापुरुषों को दरकिनार कर एक परिवार और एक पार्टी का महिमामंडन किया जाता था, अब बदलाव हो रहा है, लेकिन यह एक दिन में नहीं होता, इसके लिए गहन रिसर्च और तैयारी की जरूरत होती है। राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर खुद योग्य हैं और वह इसके बारे में निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री इस बात से वाकिफ हैं कि इतिहास से लेकर पाठ्यक्रमों तक निरपेक्ष रूप से न तो लिखा गया, न ही पढ़ने, पढ़ाने की कोशिश की गई।

पिछली बार प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान तत्कालीन शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी (वर्तमान विधानसभा स्पीकर) के समय में महापुरुषों के अंश जोड़े गए थे। उन्होंने कहा कि एक तरफ वह लोग (कांग्रेस) थे जो अकबर को महान बताते थे और महाराणा प्रताप पर सवाल खड़े करते थे। भाजपा की भजनलाल सरकार के खिलाफ चल रहे षड्यंत्र पर अशोक गहलोत और राहुल गांधी के बयान को लेकर मीडिया के सवाल के जवाब में सतीश पूनियां ने कहा कि कांग्रेस का अस्तित्व जरूर खतरे में है, राजस्थान में भाजपा की भजनलाल सरकार मजबूत है, जो जनहितैषी योजनाओं से प्रदेश को आगे बढाने का कार्य कर रही है। कांग्रेस को विचार, नीति और व्यवहार से देश की जनता ने नकार दिया है। कांग्रेस के पास अब टाइम पास के लिए केवल बयान ही बचे हैं, बयानों से वह अपना अस्तित्व बचाने में जुटी है।

यह भी पढ़े ; गुरु पूर्णिमा पर किया गुरुओं का सम्मान, गुरुओं की चरण पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया