
‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा निकालने पर अड़े उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को शनिवार को यूपी के ललितपुर जिले की पुलिस ने दैलवारा कस्बे से करीब डेढ़-दो सौ कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष समेत करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बिना अनुमति पदयात्रा निकालने पर अड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत समेत 50-60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दैलवारा कस्बे से आज करीब बारह बजे गिरफ्तार कर लिया गया है।

सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में रखा गया है। ललितपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि “गाय के नाम पर सत्ता में आई भाजपा को न गाय की फ़िक्र है और न ही किसानों पर रहम है। सौजना और अमझरा की गौशालाओं में बंद गायें भूख मर रही हैं और पक्षी जिंदा गायों को नोंच-नोंच खा रहे हैं।
वहीं, शनिवार को कांग्रेस की गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा से पहले झांसी में पूर्व मंत्री प्रदीप जैन समेत दर्जनों नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। झांसी में गिरफ्तार किए गए नेताओं को पुलिस लाइन लाया गया है।