
अरविंद केजरीवाल ने किया भाजपा दफ्तर की तरफ कूच, पुलिस ने रोका तो आप दफ्तर लौटे
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़क पर उतर गए हैं। आतिशी, संजय सिंह, राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ केजरीवाल ने भाजपा दफ्तर की तरफ कूच किया। पुलिस ने उन्हें भाजपा दफ्तर में जाने की इजाजत नहीं दी तो फिर वे आप दफ्तर लौट आए।
कूच से पहले अरविंद केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर आप को खत्म करने के लिए ऑपरेशन झाड़ू चलाने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने आम आदमी पार्टी को कुचलने के लिए Óऑपरेशन झाड़ूÓ शुरू किया है। प्रधानमंत्री का कहना है कि आप बहुत तेजी से बढ़ रही है और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर और कई राज्यों में आप भाजपा को चुनौती दे सकती है इसलिए इसके पहले कि आप चुनौती बने इसे कुचल देना जरूरी है। यह प्रधानमंत्री के शब्द हैं जो मुझे उन लोगों ने बताया जो उनसे मिले हैं।
आप देश के लोगों के सपनों की पार्टी
केजरीवाल ने आगे कहा,ये लोग ‘ऑपरेशन झाड़ूÓ के तहत हमारे बड़े नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे। हमारे बैंक खाते सीज किए जाएंगे और हमारा दफ्तर खाली करके हमें सड़कों पर लाएंगे। उन्हें लगता है कि ऐसे ये आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे। लेकिन ऐसा होगा नहीं, क्योंकि आप देश के 140 करोड़ लोगों के सपने की पार्टी है।
हमने गरीबों को सुविधा दी तो इन्हें पच नहीं रही
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह के काम हमने दिल्ली और पंजाब में किए हैं, 75 सालों में इस देश के लोगों ने कभी नहीं देखे, दिल्ली और पंजाब में हमने सरकारी स्कूल ठीक करने शुरू कर दिए, गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी। ये पीएम मोदी नहीं कर पा रहे तो उन्होंने तय किया कि इन्हें रोको और गिरफ्तार कर लो, अब हम महिलाओं को हजार-हजार रुपए देने जा रहे हैं, आप एक विचार है। इसके नेताओं को तो गिरफ्तार कर लोगे, इसके विचार को कैसे गिरफ्तार करोगे?
हम एक साथ आ रहे हैं कर लो गिरफ्तार
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 2 साल से भाजपा सरकार ने हमारे नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। इन्होंने मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया, कल मेरे पीए तक को गिरफ्तार कर लिया। मैं प्रधानमंत्री को कहना चाहता हूं कि आप एक-एक करके गिरफ्तार कर रहे हैं, आज हम सब साथ ही आ रहे हैं आप गिरफ्तार कर लो, हम डरने वाले नहीं है।

घोटाला हुआ है तो पैसे कहां हैं: अरविंद केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि हम जब से सरकार में आए हैं, तब से भाजपा वाले हम पर घोटालों के आरोप लगा रहे हैं। अब इन्होंने कोई शराब घोटाले का आरोप लगा दिया। अब जनता इनसे पूछ रही है कि अगर कोई घोटाला हुआ है तो पैसा कहां है? ये लोग ख़ुद सुप्रीम कोर्ट में कहते हैं कि अभी तक कोई पैसा नहीं मिला। इन्होंने फर्जी केस बनाकर हमारे नेताओं को गिरफ़्तार किया। पंजाब चुनाव से 3 दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अबोहर की रैली में कहा था कि अरविंद केजरीवाल एक खालिस्तानी आतंकवादी है, खालिस्तान बना कर वहां का प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। जब हम ऐसी वाहियात बात प्रधानमंत्री के मुंह से सुनते हैं तो दया आती है। अभी देखना 10 दिन में ये कैसी-कैसी मनगढ़त और झूठी बातें लेकर आएंगे, आप बस सतर्क रहना।
एक केजरीवाल को गिरफ्तार करोगे तो हजार केजरीवाल पैदा होंगे
केजरीवाल ने कहा कि आप एक केजरीवाल को गिरफ्तार करोगे तो मेरी भारत मां की कोख से हज़ार केजरीवाल पैदा होंगे। मैं पूरे देश में जाता हूं, जहां लोग कहते हैं कि आपने दिल्ली और पंजाब के स्कूलों को बेहतरीन बना दिया है। आपने बिजली और पानी की व्यवस्था बढ़िया कर दी। मोदी जी, हमारी पार्टी एक विचार बन चुकी है और आप हमारे नेताओं को तो गिरफ्तार कर सकते हो लेकिन विचार को क़ैद नहीं कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:केजरीवाल के पीए बिभव कुमार गिरफ्तार