जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं विपक्षी नेता : मदन राठौड़

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्षी दलों द्वारा राज्य सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार और भ्रामक बताते हुए तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये सभी नेता केवल अपने आलाकमान को खुश करने और जनता को गुमराह करने के लिए कल्पनाओं पर आधारित बयानबाज़ी कर रहे हैं, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि विपक्ष की कार्यशैली जनकल्याण से दूर है और वे “एकला चलो” की नीति अपनाकर झूठे बयानों से जनमानस को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं, जो अंततः उनकी पराजय का कारण बन रही है। आपातकाल का संदर्भ देते हुए राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसा और कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने वाले उस काले दौर में प्रेस पर सेंसरशिप और जबरन नसबंदी जैसे अमानवीय कृत्य किए गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या गहलोत अब भी उस दौर के समर्थन में हैं?

समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर राठौड़ ने कांग्रेस को घेरा और कहा कि जब भाजपा यह संहिता लाने की बात करती है, तो कांग्रेस इसका विरोध करती है। उन्होंने कांग्रेस पर बिजली, पानी और रोजगार जैसे गंभीर मुद्दों की हमेशा अनदेखी करने का आरोप लगाया। इसके विपरीत, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आज प्रदेश में बजट और योजनाएं जनकल्याण केंद्रित हैं और राज्य का खजाना समृद्ध है। राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए राठौड़ ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “राहुल जी हजारों साल जिएं और जैसे चल रहे हैं वैसे ही चलते रहें, इससे भाजपा को ही फायदा है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जो लोग घर बैठकर डिग्रियां ले लेते हैं, वे समाज की वास्तविकता को नहीं समझ सकते, और जो लोग ‘सोने की चम्मच’ लेकर पैदा होते हैं, वे सामाजिक परिवर्तन नहीं ला सकते।

राठौड़ ने एक मजबूत लोकतंत्र के लिए जिम्मेदार विपक्ष की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस को केवल ट्वीट करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी सच्चाई को समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अशोक गहलोत से अपील की कि वे राहुल गांधी को आम जनता से संवाद करने और वास्तविक समस्याओं को समझने की छूट दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए राठौड़ ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का बुनियादी ढांचा अभूतपूर्व गति से मजबूत हुआ है। पुलों, सड़कों, बांधों, नहरों, रेलवे और रोजगार सृजन के क्षेत्र में जो विकास हुआ है, वह कांग्रेस कभी नहीं कर पाई।