
संतरा (Oranges)सर्दियों के मौसम का फल है। इस मौसम में ये ज्यादा और सस्ता मिलता है। संतरा खाने और इसके जूस को पीने के कई स्वास्थ्य लाभ हैं। दरअसल, संतरे में कई पोषक तत्व होते हैं, जैसे कि पोटैशियम, विटामिन-सी, फ्लेवोनोइड्स और फाइबर। ये सभी हमारे हृदय स्वास्थ्य से लेकर इम्यून सिस्टम तक को मजबूत बनाने के लिए फायदेमंद हैं। पर आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि संतरा खाने के सिर्फ फायदे ही नहीं, बल्कि नुकसान भी हैं।
न्यूट्रिनिस्ट कविता देवगन संतरा खाना को लेकर कहती हैं कि संतरा खाना यूं तो बहुत फायदेमंद है और पौष्टिक गुणों से भरपूर भी, लेकिन इसमें कई ऐसी चीजें भी हैं, जो कुछ स्थितियों में नुकसानदेह हो सकती हैं। जैसे कि संतरे पोटेशियम से भरपूर होते हैं और बहुत अधिक मात्रा में इन्हें खाना गुर्दे (kidneys) के कामकाज के लिए हानिकारक हो सकता है। साथ ही इसके कई और नुकसान भी हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से।
1.एसिड रिफ्लक्स की परेशानी
न्यूट्रिनिस्ट कविता की मानें, तो संतरे को कभी खाली पेट नहीं खाना चाहिए। ऐसा इसलिए कि खाली पेट संतरा खाना पेट में एसिड के प्रोडक्शन को ट्रिगर करता है। इससे आपको दिन भर गैस की परेशानी हो सकती है और सीने में जलन, खराब मूड और खट्टी डकारों का अनुभव हो सकता है। साथ ही अगर कोई गैस्ट्रो-एसोफेगल रिफ्लक्स रोग से पीड़ित हैं, तो उसे इसे खाने से बचना चाहिए।

2.पेट से जुड़ी परेशानी
ज्यादा संतरा खाना पेट से जुड़ी परेशानियों को भी पैदा कर सकता है। दरअसल, संतरे में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, जिसे अधिक मात्रा में लेना पेट में दर्द और दस्त की परेशानी हो सकती है। साथ ही खाने से पहले संतरे का जूस पीना कई बार पेट में मरोड़ पैदा कर सकता है।
3.कैल्शियम का नुकसान
संतरे में विटामिन-सी की मात्रा ज्यादा होती है। ये जहां आपको सर्दी-जुकाम से बचाए रख सकता है, वहीं इसमें विटामिन सी का ज्यादा होना शरीर में कैल्शियम का नुकसान कर सकता है। कैल्शियम के इस नुकसान के कारण हड्डियों से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। हालांकि, न्यूट्रिनिस्ट कविता कहती हैं कि ये कम ही पाया गया है, पर संतरे को लेकर किए गए कई स्टडी में इस बात जिक्र है कि ये ऑस्टियोपोरोसिस की परेशानी को बढ़ा सकता है। इसलिए जिन लोगों को हड्डियों से जुड़ी परेशानियां रहती हैं, उन्हें एक सीमित मात्रा में ही संतरा खाना चाहिए।
- ब्लड शुगर का बढ़ना
सुबह-सुबह संतरे का जूस पीना आपके ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है। संतरे का जूस ज्यादा पीने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है। इसलिए ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित रखने के लिए संतरे का जूस कम मात्रा में ही पिएं। - वजन बढ़ा सकता है संतरा
विटामिन सी शरीर में चयापचय को सही रखने के लिए जरूरी है लेकिन एक हद तक ही। आपके चपाचय यानी कि मेटाबॉलिज्म का बिगड़ना वजन घटाने के प्रोसेस को भी धीमा कर सकता है। इसलिए ज्यादा संतरा खाना वजन बढ़ने की समस्या का कारण बन सकता है। संतरे में मौजूद कार्बोहाइड्रेट हमारे ब्लड में ग्लाइसेमिक इंडेक्स का भार बढ़ाता है जो, वजन बढ़ाता है। इसके अलावा अधिक मात्रा में संतरे का सेवन करने से शरीर में फाइबर, कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बढ़ जाती है और अत्यधिक भूख भी लगती है, जिससे वेट कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है।
संतरा खाने के इन तमाम नुकसानों को देखते हुए ही न्यूट्रिनिस्ट कविता का सुझाव है कि किसी भी व्यक्ति को एक दिन में 1 या 2 से ज्यादा संतरे नहीं खाना चाहिए। साथ ही खाली पेट संतरा खाने से बचें और अगर आप इसका जूस भी ले रहे हैं, तो पहले कुछ खाएं और साथ में संतरे का जूस लें। इस तरह से आप संतरे के इन सभी नुकसानों से बचे रहेंगे और स्वस्थ रहेंगे।