
नए साल में सर्दी के तेवर और तीखे हो सकते हैं। राजस्थान के 11 जिलों में पारा 5° के नीचे चल रहा है। हरियाणा के हिसार में गुरुवार (31 दिसंबर) को 24 साल की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश और पंजाब में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्यप्रदेश के कई जिलों में ओले भी गिर सकते हैं।
दिल्ली: 14 साल बाद सबसे कम तापमान
दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ ठंड पड़ रही है। नए साल के पहले दिन का तापमान 1.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह 14 साल बाद सबसे कम टेम्परेचर है। इससे पहले जनवरी 2006 में 0.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे कम मिनिमम टेम्परेचर पिछले साल जनवरी में 2.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
भारतीय मौसम विभाग के रीजनल फोरकास्टिंग सेंटर के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पालम और सफदरजंग इलाके में घने कोहरे को चलते शुक्रवार को विजिबिलिटी शून्य रह गई। काफी घने कोहरे में विजिबिलिटी 0 से 50 मीटर, घने कोहरे में 51 से 200 मीटर, मॉडरेट कोहरे में 201 से 500 मीटर और कम कोहरे में विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर तक होती है।

मध्यप्रदेश : भोपाल में रात का पारा 0.3° गिरा, 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
भोपाल समेत मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में साल के आखिरी दिन भी ठंड का कहर जारी रहा। भोपाल में रात के तापमान में गिरावट दर्ज कि गई। दिन का तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। रात के तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट हुई। यह 9.9 डिग्री दर्ज किया गया।
गुरुवार रात भोपाल में 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा भी चली। ग्वालियर, धार, नरसिंहपुर, राजगढ़ और खजुराहो में कोल्ड डे रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने 2 जनवरी से भोपाल में बादल छाने, हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। मालवा-निमाड़ के कई इलाकों में बारिश और ओले गिरने भी गिर सकते हैं।
राजस्थान: -4.4 डिग्री तापमान के साथ माउंट आबू सबसे सर्द
ठंड की मार राजस्थान में दिनोंदिन बढ़ रही है। गुरुवार को लगातार चौथे दिन 3 जगह पारा माइनस में रहा और सीकर में शून्य पर दर्ज किया गया। जयपुर समेत 11 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। माउंट आबू – 4.4 डिग्री के साथ सबसे सर्द रहा। फसलें पाले की चपेट में हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से शुक्रवार से कई इलाकों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि संभावना जताई है। अगले 24 घंटे में जयपुर, अजमेर, झुंझुनूं, सीकर, टोंक, कोटा, बूंदी, धौलपुर समेत कई जगह बारिश और ओले गिरने के आसार हैं।