नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सर्दी अपने पूरे जोर पर है। दिल्ली में शनिवार सुबह का पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जिसने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली की ठंड सबसे लंबी शीतलहर के रेकॉर्ड को तोड़ चुकी है और शुक्रवार को यहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम और इस मौसम का सबसे कम तापमान था।
मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत में तापमान और गिरने की संभावना है। इस बार लगातार 14 दिनों से शीतलहर का प्रकोप नजर आ रहा है। अभी 3 दिन और इसका प्रकोप का सामना लोगों को करना पड़ेगा। शहर में वर्ष 1997 के बाद पहली बार लोग दिसंबर में इतनी ठंड का सामना कर रहे हैं।
मौसम विभाग की मानें तो नये साल की पूर्व संध्या यानी 31 जनवरी की रात या फिर जनवरी के पहले दो दिनों में बारिश हो सकती है। शनिवार को यानी आज भी इस ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है और रात के साथ-साथ सुबह की सर्दी और ज्यादा होने की उम्मीद है।