पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में पाक ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, एक जवान शहीद

जम्मू। पड़ोसी देश पाकिस्तान अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बुधवार रात पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

इस दौरान हुई गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गए। एक रक्षा प्रवक्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कल रात कृष्णा घाटी में पाक द्वारा किए गए संघर्ष विराम के उल्लंघन में एक लांस नायक करनैल सिंह शहीद हो गए।

रक्षा प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान की सेना ने मनकोट और कृष्णा घाटी सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पास छोटे हथियारों से गोलीबारी कर और मोर्टार के गोले दागकर बुधवार रात को बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। प्रवक्ता ने बताया कि सीमा पार से गोलीबारी में लांस नायक करनैल सिंह शहीद हो गए।

उन्होंने कहा कि व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और सभी रैंक के अधिकारी पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में 30 सितंबर की रात को सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर लांस नायक करनैल सिंह को सलाम करते हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।

खबरों के अनुसार, कृष्णा घाटी सेक्टर में गोलीबारी में एक अन्य जवान घायल हो गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान पिछले पांच दिनों से पुंछ में बस्तियों को निशाना बना रहा है। गोलेबारी में मंगलवार को कई जानवर घायल हो गए थे। पाकिस्तान ने सितंबर में 47 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी बलों ने पांच सितंबर को राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारी गोलीबारी की थी और मोर्टार के गोले दागे थे। इस दौरान सेना का एक जवान शहीद हो गया था और एक अधिकारी समेत दो जवान घायल हो गए थे।

इससे पहले राजौरी के केरी सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना ने दो सितंबर को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था और इस दौरान एक जेसीओ शहीद हो गया था।