संसदीय कार्य मंत्री ने सरेचा (लूणी) में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत

संसदीय कार्य मंत्री
संसदीय कार्य मंत्री

परम्परागत जल स्त्रोतों को सहेज कर रखने का किया आह्वान

जयपुर। वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0(द्वितीय चरण) का शुभारंभ पंचायत समिति लूणी के सरेचा तालाब पर रविवार को संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

संसदीय कार्य मंत्री ने आह्वान करते हुए कहा जल ही जीवन है। हम सभी का कर्तव्य है कि हम प्रकृति का संरक्षण करें। उन्होंने कहा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत प्रदेशभर में जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण के अनेक कार्य करवाए जाएंगे।

संसदीय कार्य मंत्री
संसदीय कार्य मंत्री

परंपरागत जल स्त्रोतों को सहेज कर रखना हमारा नैतिक दायित्व- पटेल

पटेल ने कहा पश्चिमी राजस्थान में अकाल एवं भीषण गर्मी जैसी विकट परिस्थितियों में हमारे पूर्वजों ने जल संग्रहण और संरक्षण के लिए कई भगीरथी प्रयास किए है। उन्होंने कहा इन तालाबों, कुओं एवं बावड़ियों सहित परंपरागत जल स्त्रोतों को सहेज कर रखना हमारा नैतिक दायित्व है।

कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान से बन रही नई जल संरक्षण संरचनाएं

पटेल ने कहा वर्षों से लंबित ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, देवास परियोजना, माही बांध, सोम-कमला-अंबा सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में जल संचयन तथा पानी की उपलब्धता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने इस साल जनवरी में ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान शुरू किया। इस अभियान में प्रवासी राजस्थानियों के माध्यम से प्रदेश में प्रत्येक जिले में जल संरक्षण संरचनाएं बनाई जा रही हैं।

संसदीय कार्य मंत्री
संसदीय कार्य मंत्री

जोजरी के प्रदूषित जल का पाइपलाइन से होगा निकास

पटेल ने कहा जोजरी नदी का प्रदूषण क्षेत्रवासियों एवं जीव जंतुओं के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। इसके समाधान के लिए प्रदूषित जल का निकास पाइपलाइन के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा पाली से आने वाले प्रदूषित पानी को एनीकट बनाकर रोकने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है।

बड़-पीपल के पौधे लगाकर, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम में तालाब तक कलश यात्रा का आयोजन किया गया। संसदीय कार्य मंत्री ने तालाब पूजन, जल रक्षाबन्धन,भूमि व शिला पूजन एवं

शिलान्यास पट्टिका अनावरण किया। पटेल ने तालाब परिसर में बड़ व पीपल पौधे लगाए और सभी से आह्वान किया कि आगामी मानसून में सभी अधिकाधिक वृक्षारोपण करें। पटेल ने ग्रामीणों को ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की शपथ दिलाई।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सरपंच मोहनी पटेल, जि. प.सदस्य चैनाराम पटेल,सरपंच मोगड़ा कलां वागाराम पटेल,सरपंच सूजाराम, पं.स. सदस्य श्रवणराम सारण, उपखंड अधिकारी पुखराज कंसोटिया, अतिरिक्त मुख्य अभियंता(जल संसाधन) भागीरथ बिश्नोई,अधिशासी अभियंता भगवान सिंह, तहसीलदार इमरान, विकास अधिकारी कँवरलाल सोनी, राकेश बिश्नोई, नरपत सिंह, भलाराम सरेचा, लक्ष्मण सिंह सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारीगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।