
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम मन की बात को संबोधित किया। दिल्ली की सीमा पर पंजाब और हरियाणा के हजारों किसान जुटे हैं। इसको लेकर मोदी ने कहा कि संसद में कृषि सुधारों को अमली जामा पहनाया गया। इससे किसानों को अधिकार और अवसर मिले। मोदी ने अपनी इस मन की बात में हैरिटेज, लोकल के लिए वोकल, पक्षियों, भारतीय संस्कृति जैसे कई विषयों पर चर्चा की।
भारत में खेती और उससे जुड़ी चीजों के साथ नए आयाम जुड़ रहे हैं। बीते दिनों हुए कृषि सुधारों ने किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार भी खोले हैं। बरसों से किसानों की जो मांग थी, जिन मांगों को पूरा करने के लिए किसी समय में हर राजनीतिक दल ने उनसे जो वायदा किया था, वे मांगें पूरी हुई हैं। इन सुधारों से किसानों के बंधन खत्म हुए हैं। कृषि की पढ़ाई कर युवा अपने आसपास के किसानों को उनसे जुड़ी बातें समझाएं। इससे किसानों को फायदा होगा।
आज जब हम आत्मनिर्भर भारत की बात कर रहे हैं, तब महर्षि अरबिंदो याद आते हैं। उन्होंने खुद की क्षमता पर भरोसा करने की बात कही। अरबिंदो ने विदेशों से सीखने का विरोध नहीं किया। यही आत्मनिर्भर भारत की वोकल फॉर लोकल भावना है। वे कहते थे कि राष्ट्र की शिक्षा स्टूडेंट की दिल-दिमाग की ट्रेनिंग होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा की जो बात तब कही थी, वह आज हम नई शिक्षा नीति के माध्यम से कर रहे हैं।

कोरोनाकाल के बावजूद हमने हैरिटेज वीक मनाते देखा। दिल्ली में हमारे संग्रहालयों में कई सराहनीय प्रयास किए गए। अब आप घर बैठे इसे देख पाएंगे। अजंता की गुफाओं की पेंटिंग्स को संजोने का काम जारी है। प्रकृति को देखने के नजरिए में बदलाव आया है। इंटरनेट चेरी ब्लॉसम से भरा पड़ा है। देखने से लगता है कि इसमें जापान की फोटो हैं, पर ये शिलॉन्ग की तस्वीरें हैं।
डॉ. सलीम अली की 125वीं जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने पक्षियों के लिए काफी काम किया है। भारत में बहुत सी बर्ड वॉचिंग संस्थाएं सक्रिय हैं। बीते दिनों केवडिया में मुझे भी पक्षियों के बीच समय बिताने का मौका मिला था। कई लोग पक्षियों की खोज में भारत आए और यहीं के होकर रह गए।
जोनस ब्राजील में लोगों को उपनिषद पढ़ाते हैं। वे 4 साल तमिलनाडु के गुरुकुल में रहे। वे स्टॉक से लेकर स्प्रिचुअलिटी तक अपना मैसेज टेक्नोलॉजी से आगे बढ़ाते हैं। वे 1.5 लाख स्टूडेंट्स को पढ़ा चुके हैं। न्यूजीलैंड के एक सांसद गौरव शर्मा ने संस्कृत में शपथ ली। हम कामना करते हैं कि वे नई उपलब्धियां प्राप्त करेंगे।
कल गुरुनानक देव जी का 551वां प्रकाश दिवस मनाएंगे। दुनियाभर में उनके संदेश सुनाई देते हैं। वे कहते थे कि सेवक का काम सेवा करना है। बीते सालों में सेवा करने के कई मौके आए और गुरु साहब ने हमसे कई सेवाएं लीं। गुरु साहब की कृपा रही कि उन्होंने मुझे सेवा के लिए करीब से जोड़ा। कच्छ के लखपत गुरुद्वारा की मरम्मत कराई गई। इसकी यूनेस्को ने भी तारीफ की। इस गुरुद्वारे में असीम शांति मिलती है।
पिछले साल करतारपुर कॉरिडोर का खुलना ऐतिहासिक रहा। ये सौभाग्य है कि हमें दरबार साहिब की सेवा का सौभाग्य मिला। इससे दुनियाभर की संगत पास आ गई है। मानवता की सेवा की ये परंपरा हमारे लिए प्रेरणा का काम करती है।
यह भी पढ़ें-भारत ने लद्दाख के पैंगॉन्ग झील के पास सबसे खतरनाक मार्कोस कमांडो तैनात किये गये