फिल्ममेकर रूमी जाफरी को पुलिस ने सुशांत सुसाइड केस में पूछताछ के लिए बुलाया

मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में मुंबई पुलिस की जांच जारी है। लगभग 40 लोगों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने फिल्ममेकर रूमी जाफरी को पूछताछ के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन बुलाया है। उन्हें 12 बजे तक पहुंचने के लिए कहा गया था। हालांकि, अभी तक वे वहां नहीं पहुंच पाए हैं। रूमी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सुशांत ने मौत से दो दिन पहले 12 जून को उनसे फोन पर बात की थी। अभिनेता ने उन्हें अपने डिप्रेशन के बारे में बताया था और कहा था कि वे इंडस्ट्री छोडऩा चाहते हैं।

सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल रूमी जाफरी

रूमी सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल हैं। अभिनेता के निधन के बाद उन्होंने खुलासा किया था कि वे सुशांत और रिया चक्रवर्ती के साथ एक फिल्म प्लान कर रहे थे। रूमी ने यह भी कहा था कि मौत से कुछ दिन पहले ही उन्होंने सुशांत से फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर चर्चा की थी। उनकी मानें तो दोनों के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग थी।

बताया जाता है कि रूमी सुशांत और उनकी गर्लफ्रेंड रिया के साथ अपनी फिल्म पर अप्रैल में काम शुरू करने वाले थे। हालांकि, लॉकडाउन के चलते ऐसा नहीं हो पाया। इसके बाद उन्होंने प्लान किया था कि जैसे ही देश के हालात बेहतर होंगे वे अपनी फिल्म शुरू कर देंगे।

सुशांत के पास काम न होने के दावों पर भड़क गए थे रूमी

14 जून को सुशांत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद कई तरह के कयास लगाए गए। यह तक कहा गया कि सुशांत के पास काम नहीं था, जिसके चलते वे डिप्रेशन में चले गए थे। इन खबरों को लेकर रूमी जाफरी भड़क गए थे।

उन्होंने एक बातचीत में भावुक होते हुए कहा था- मैं सिर्फ इसलिए मीडिया से बात करने के लिए आया हूं, क्योंकि उनके जैसे सुपरस्टार को ऐसे पेश किया जा रहा है, जैसे उनके पास कोई काम नहीं था और वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। यह सब पढ़कर मैं बहुत आहत हूं। वे बहुत टैलेंटेड थे और अपनी लीग के स्टार थे। लोग उनके साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। प्लीज उनका और उनकी विरासत का सम्मान कीजिए। वे स्टार ते और रहेंगे, जब तक कि यह इंडस्ट्री है।