एसआई भर्ती पर गरमाई सियासत : डोटासरा बोले- भाजपा ने युवाओं से किया विश्वासघात

गोविन्द सिंह डोटासरा
गोविन्द सिंह डोटासरा

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने एसआई भर्ती प्रकरण को लेकर भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष सरकार द्वारा भर्ती निरस्त न करने का निर्णय प्रस्तुत करने और मात्र 55 लोगों के खिलाफ शिकायत होने की जानकारी देने से यह साबित होता है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के नौजवानों को लंबे समय तक भ्रमित कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। डोटासरा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा ने लगातार एसआई भर्ती को लेकर तथ्यहीन आरोप लगाए और कांग्रेस के खिलाफ इसे एक राजनीतिक मुद्दा बनाकर सिर्फ सुर्खियां बटोरने का काम किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने प्रदेश के नौजवानों को यह भर्ती रद्द होने और पुनः भर्ती निकलने के नाम पर भ्रमित कर अपनी राजनीति चमकाई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने यह भर्ती रद्द नहीं होने पर मंत्रिमंडल से अपना पद त्यागने तक की घोषणा की थी, और प्रदेश के नौजवानों को झूठे तथ्यों के आधार पर बरगलाने का कार्य किया है। डोटासरा ने मांग की कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के लिए भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं को प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेशवासियों के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की सरकार का वास्तविक चेहरा आज उजागर हो गया है। प्रदेश की जनता अब यह समझ चुकी है कि भाजपा केवल राजनीतिक उद्देश्य से, तथ्यहीन आधार पर कांग्रेस को बदनाम करने के लिए पेपर लीक जैसे मुद्दों की राजनीति करती है। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश की जनता इस धोखे के लिए भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। अंत में, उन्होंने सवाल उठाया कि “एसआई भर्ती प्रकरण में बड़े-बड़े दावे करने वाले किरोड़ी लाल मीणा क्या अपना इस्तीफा देंगे, यह प्रदेश की जनता जानना चाहती है।” यह बयान राजस्थान में एसआई भर्ती को लेकर चल रहे राजनीतिक घमासान को और तेज कर सकता है।

यह भी पढ़े : राजस्थान में मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में जमकर बारिश