उपचुनावों से पहले भाजपा गहलोत सरकार को अलग-अलग मुद्दों पर घेरने की तैयारी में

भाजपा ने अब 4 सीटों पर होने वाले उपचुनावों से पहले फील्ड में सरकार को अलग-अलग मुद्दों पर घेरने का फैसला किया है। शनिवार से भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ सप्ताह भर के आंदोलन की शुरुआत करने जा रही है। भाजपा ने 7 दिन के आंदोलन के लिए फेजवार कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई है। आंदोलन की शुरुआत शनिवार को जिला बैठकों से होगी।

7 मार्च को वर्चुअल तरीके से आंदोलन की शुरुआत करने के बाद इसे फील्ड तक ले जाने की रणनीति बनाई है। 07 और 08 मार्च को प्रदेशभर में मंडल बैठकें होंगी। 9 से 14 मार्च तक 5 दिन सड़क पर आंदोलन शुरू होगा। इस आंदोलन के तहत उपखंड स्तर पर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

भाजपा ने उपचुनाव से ठीक पहले 7 दिन का प्रदेशव्यापी आंदोलन घोषित किया है। इसे चार उपचुनावों और जिलों में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों से पहले सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करने से जोड़कर देखा जा रहा है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का कहना है कि गहलोत सरकार ने दो साल से ज्यादा वक्त बीत जाने के बावजूद जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। सरकार के खिलाफ पहले फेज में मंडल स्तर पर आंदोलन होगा। इसके बाद जयपुर में दो लाख की विशाल सभा करके जनता से वादाखिलाफी पर घेरा जाएगा।

यह भी पढ़ें-स्थानीय ज्ञान-विज्ञान को भी नई पीढ़ी तक पहुंचायें विश्वविद्यालय – राज्यपाल