
जयपुर। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 113वें एपिसोड को सुना। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि यह कार्यक्रम सदैव ही प्रेरक व सकारात्मकता को बढ़ावा देने वाला होता है। मन की बात, कोटि-कोटि भारतीयों के मन की बात है, उनकी भावनाओं का प्रकटीकरण है। मन की बात देशवासियों की अच्छाइयों का, सकारात्मकता का, एक अनोखा पर्व बन गया है।
एक ऐसा पर्व जो हर महीने आता है, जिसका इंतजार हम सभी को होता है। मन की बात जिस विषय से जुड़ा, वो, जन-आंदोलन बन गया। यह जन-जन की बात, भारत के मन की बात है। प्रधानमंत्री के प्रेरक विचार हमें निरंतर राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि भारत के जन-गण-मन को राष्ट्रीय और सामाजिक सरोकारों से सतत जोड़ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सदैव सकारात्मक और नई ऊर्जा से अभिसिंचित करता है।
प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात का 113वें एपिसोड में तकनीक, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, आर्ट वर्क, वन्य जीवों की सुरक्षा, खेल, खिलाड़ियों, योगा, फिटनेस, स्वच्छता और स्वास्थ्य आदि विषयों पर मार्गदर्शन के साथ ही हर घर तिरंगा अभियान की सफलता पर की गई विशेष चर्चा हम सभी को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर विकसित भारत के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध करने वाला है।