
नरेंद्र मोदी की पुतिन से होने वाली मुलाकात पर दुनिया की नजर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार दोपहर रूस की राजधानी मास्को के लिए रवाना हो गए। विशेष विमान शाम 5:20 बजे मास्को एयरपोर्ट पर लैंड करेगा।
प्रधानमंत्री रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आमंत्रण पर 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं। वह दो दिन मास्को में रहेंगे। दोनों नेता भारत-रूस के बीच बहुआयामी संबंधों की संपूर्ण शृंखला की समीक्षा और पारस्परिक हितों के समकालीन क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
नरेंद्र मोदी 9 को जाएंगे ऑस्ट्रिया
रूस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रिया जाएंगे। वो 9 और 10 जुलाई को ऑस्ट्रिया रहेंगे। यह 41 वर्ष में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा होगी। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और नेहमर भारत और ऑस्ट्रिया के उद्योगपतियों को भी संबोधित करेंगे।
रूस के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी रूस में मास्को के साथ वियना में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगे। रूस में कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। खासतौर पर रक्षा सौदे पर दुनिया की नजर रहेगी। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है, जब मोदी रूस जा रहे हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बैठक पर चीन और पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया की नजर है। यह भी महत्वपूर्ण है कि रूस और यूक्रेन युद्ध के बाद यह पहला मौका है, जब प्रधानमंत्री मोदी मास्को जा रहे हैं।
मोदी की यात्रा को लेकर मास्को भी उत्साहित
रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि रूस, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मास्को की बेहद अहम यात्रा को लेकर उत्सुक है।
यह भी पढ़ें:मुम्बई में एक और हिट एंड रन का मामला