कंगना के समर्थन में विरोध प्रदर्शन, मुंबई की महापौर कोरोना पॉजिटिव

अभिनेत्री कंगना रनोट के मुंबई स्थित ऑफिस में बीएमसी द्वारा तोडफ़ोड़ के बाद राजस्थान के कुछ संगठन महाराष्ट्र सरकार के विरोध में उतर आए हैं। गुरुवार को जयपुर के वैशाली नगर स्थित आम्रपाली सर्किल पर शिवसेना नेता संजय राउत का पुतला जलाया गया। साथ ही महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिवसेना की गुंडागर्दी बिल्कुल नहीं चलेगी। दरअसल, शहर के वैशाली नगर में राजपूत संगठन रॉयल ग्रुप के सदस्यों ने यह प्रदर्शन किया।

मुंबई की महापौर कोरोना पॉजिटिव
मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। दादर स्थित महापौर निवास में एकांतवास में रहकर वह अपना इलाज करवा रही हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने महापौर बंगले को पूरी तरह सैनिटाइज कर दिया है। जानकारी के अनुसार महापौर किशोरी पेडणेकर को बुधवार को ही बुखार आया था। इस वजह से उनकी स्वास्थ्य जांच की गई थी। गुरुवार को उनका कोरोना एंटीजेन टेस्ट करवाया गया।