
मुंबई। महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर सियासत तेज हो गई है। अन्य राज्यों के प्रवासियों से जबरदस्ती मराठी बुलवाने पर उनके साथ मारपीट के विडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) पर निशाना साधा है। फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में मराठी भाषा पर गर्व करना गलत नहीं है।
लेकिन अगर कोई भाषा के नाम पर गुंडागर्दी करता है, तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर किसी के साथ भाषा के आधार पर कोई मारपीट करता है, तो इसे भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि मराठी भाषा का अभिमान रखना गलत नहीं है। लेकिन भाषा के नाम पर गुंडागर्दी और मारपीट को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
( मुंबई | 4-7-2025)#Maharashtra #Mumbai pic.twitter.com/CdBbfmOeWK
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) July 4, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा, पुलिस ने इस घटना पर प्राथमिकी दर्ज की है और कार्रवाई भी की है। अगर भविष्य में कोई इस तरह का भाषा विवाद खड़ा करता है, तो उस पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हमें अपनी मराठी भाषा पर गर्व है, लेकिन भारत की किसी भी भाषा के साथ इस तरह का अन्याय नहीं किया जा सकता, यह बात हमें ध्यान में रखनी होगी।
फडणवीस ने आगे कहा, कभी-कभी मुझे आश्चर्य होता है कि ये लोग अंग्रेजी को तो गले लगाते हैं, लेकिन हिंदी को लेकर विवाद खड़ा करते हैं। यह किस तरह की सोच है और यह किस तरह का व्यवहार है? इसलिए जो लोग कानून अपने हाथ में लेते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।