
कांग्रेस को घेरा, केजरीवाल को बताया धरना देने में अव्वल
नई दिल्ली
विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टीयों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। ईस्ट दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह केजरीवाल सरकार और कांग्रेस पर जमकर बरसे। शाह ने विपक्षी दलों पर भड़काने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाबद्ध तरीके से काम हो रहा है। चुनावी मौसम में कांग्रेस को घेरने के लिए शाह ने सिख दंगों का मुद्दा उठाया तो मौजूदा दिल्ली सरकार पर उपद्रवियों का साथ देने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस सरकार पर शाह का हमला, सिख दंगों की दिलाई याद
केंद्रीय गृहमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए सिख दंगों के दोषियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, सिख दंगों के बाद इतने वर्षों तक कांग्रेस की सरकार में पीडि़तों को कभी न्याय नहीं मिला। मोदी सरकार ने आते ही तुरंत एसआईटी बनाई, आज दंगे करने वाले जेल के अंदर हैं। पूरा देश इस निर्मम हत्याकांड को नहीं भूल सकता, हजारों सिख भाइयों का कत्ल कर दिया गया।। कांग्रेस की सरकार इस बात के लिए मशहूर थी कि 5 साल एक सरकार कोई योजना बनाती थी, दूसरे 5 साल में दूसरी सरकार उसके लिए बजट मंजूर करती थी, तीसरे 5 साल में उसका भूमि पूजन करती थी और अगले 5 साल में कांग्रेस सरकार उसे भूल जाती थी। काम तो होता ही नहीं था।
केजरीवाल दूसरों के काम पर लगा रहे अपनी मुहर
उन्होंने कहा, दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल नई-नई चीजें करते रहते हैं। उन्होंने एक नई शुरुआत की है, सोचना भी क्यों? बजट भी क्यों देना? भूमि पूजन भी क्यों करना? उद्घाटन भी क्यों करना? किसी का करा कराया है बस उसपर अपने नाम का ठप्पा लगा देना। मैं आज आपको सबसे बड़ा रोड़ा क्या है बताना चाहता हूं। मोदी जी, हरदीप जी द्रुत गति से काम करना चाहते हैं, मगर ये केजरीवाल सरकार जो है जो एक बहुत बड़ा रोड़ा है। केजरीवाल सरकार हर विकास के काम में अड़ंगा लगाती है। गृहमंत्री अपने चिर-परिचित अंदाज में कांग्रेस पर तीखे हमले करते नजर आए। उन्होंने कहा, नागरिकता संशोधन कानून पर विपक्ष ने दिल्ली की जनता को गुमराह किया।