
राजगीर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को नालंदा स्थित अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ में केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों सरकारों ने कानून व्यवस्था को बिगाड़कर संविधान को कमजोर करने का काम किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गढ़ नालंदा से राहुल गांधी ने कहा, “बिहार, जो कभी सत्य, न्याय और अहिंसा की धरती था, आज ‘क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया’ बनता जा रहा है।” उन्होंने कहा कि बिहार में अब आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों जिम्मेदार हैं।
राहुल गांधी ने कानून-व्यवस्था की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा, “यहां की स्थिति भयावह है। शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं आम जनता से दूर होती जा रही हैं।” साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा, “देश में नफरत और डर फैलाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस इसे सफल नहीं होने देगी। इसी मकसद से हमने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।” राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बार-बार पक्ष बदलने की राजनीति पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “कभी इधर, कभी उधर… मुख्यमंत्री का कोई स्थायित्व नहीं है। बिहार की जनता अब समझ गई है कि असली मुद्दों को दरकिनार किया जा रहा है।”
उन्होंने खुद को संविधान और सामाजिक न्याय का रक्षक बताते हुए कहा, “हम संविधान को टूटने नहीं देंगे। यह देश बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान से चलेगा, न कि दो-तीन पूंजीपतियों के इशारे पर।” राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि यह लड़ाई नफरत और हिंसा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर देश को न्याय और भाईचारे के रास्ते पर आगे बढ़ाएंगे। बता दें कि यह राहुल गांधी का नालंदा में पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गढ़ में कांग्रेस की रणनीतिक मौजूदगी के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली।