
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी सहित नारी शक्ति से सम्मानित और सामाजिक कार्यकर्ता रूमा देवी, जिज्ञासु वेदांताचार्य स्वामी शिवज्योतिशानंद जी, प्रचारक एचएसएस यूके चंद्रकांत शर्मा, लोकसभा सांसद वीरेंद्र शर्मा, जैसी कई हस्तियां होगी शामिल
जीमण महोत्सव की तैयारियां जोरो पर
राजस्थान एसोसिएशन यूके के तत्वावधान में सात्विस पाटिदार सेंटर में होगा भव्य आयोजन
दैनिक जलतेदीप/जयपुर। शहर के सात्विस पाटिदार सेंटर में राजस्थान एसोसिएशन यूके द्वारा 25 जून को आयोजित होने वाले ‘जीमण’ की तैयारियां चरम पर हैं। राजस्थान, यूरोप और यूके से बड़ी संख्या मेें मेहमान इसमें भाग लेंगे। कुछ नामचीन हस्तियां भी इसमें शामिल होंगी।
सबसे बड़ा उत्सव होगा
आयोजकों ने बताया कि जीमण यहाँ हुए आयोजनों में सबसे बड़ा उत्सव होगा। लोग बेसब्री से इस उत्सव की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लगभग 100-150 राजस्थानी स्वयंसेवक, जिनमें पुरुष, महिला और बच्चे सब मिलकर इस आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए पिछले कई महीनों से तैयारी में जुटे हैं। साज सज्जा का काम तेजी से चल रहा है। महिलाएं हॉल को मारवाड़ की थीम पर सजाने का काम रही हैं। जीमण का मेन्यू भी तैयार हो गया है। सभी पकवानों की लिस्ट तैयार है। रंगबिरंगे परिधान, साफा तैयार हैं।
तैयारियों में जुटे सैंकड़ों महिला-पुरुष
आयोजकों ने बताया कि राजस्थानी जीमण का हिस्सा बनने के लिए यहां सभी लोग आतुर हैं। सभी वोलेंटियरस् ने अलग-अलग टीम में बंटकर अपनी जिम्मेदारी ले रखी है। कोई भोजन तो कोई साज-सज्जा का काम देख रहा है। सृष्टि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी ली है। राजस्थान एसोसिएशन यूके सांस्कृतिक सेतु का काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य विदेशों में बसे राजस्थानीयों को एक साथ लाना तथा युवा पीढ़ी को ऐसा परिवार देना है, जहां वे अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को समझ सकें, उन्हें महसूस कर सकें तथा जीमण के माध्यम से उन्हें जी सकें।
राजस्थान एसोसिएशन यूके लगभग दस साल से पूर्ण रूप से नि:स्वार्थ भाव से सेवा कर रही है। यहां पढऩे आए हुए बच्चों के लिए या फिर यहां रह रहे राजस्थानियों के लिए यह एक परिवार बनकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहती है। भारत से आने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों का आदर सत्कार और मान सम्मान में सदैव तत्पर रहने वाली यह संस्था एक कोहिनूर की भांति चमक रही है।