गहलोत सरकार पर राजेन्द्र राठौड़ का तंज, कहा- देशभर में राजस्थान महिलाओं के साथ दुष्कर्म में पहले व दलित उत्पीड़न में दूसरे स्थान पर

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा देश के गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर राजस्थान में महिला सुरक्षा के लिए हुए काम देखने के मामले में भाजपा उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की प्रतिक्रिया सामने आई है।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी, किसी को देखने की जरूरत नहीं है दीवार पर लिखा दूर से ही दिखाई दे रहा है। अपराधों के बढ़ते ग्राफ पर मुहर लगाते हुए एनसीआरबी के आंकड़े चीख-चीख कर बयां कर रहे हैं कि देशभर में राजस्थान महिलाओं के साथ दुष्कर्म में पहले व दलित उत्पीडऩ में दूसरे स्थान पर है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को हाथरस कांड को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। गहलोत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि यूपी में जिस तरीके से दुष्कर्म की घटना सामने आई और राहुल गांधी प्रियंका गांधी को यूपी के हाथरस जाने से रोका गया वह शर्मनाक था।

हमने राजस्थान की घटनाओं को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को आमंत्रित किया कि वहां आए और देखें कांग्रेस सरकार के शासन में महिला सुरक्षा को लेकर कितनी संवेदनशीलता से काम हो रहा है।

गहलोत ने कहा कि मैंने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूरे देश भर में अनिवार्य एफआईआर सिस्टम को लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि थानागाजी रेप मामले को लेकर जब राहुल गांधी राजस्थान आए थे।