
मुंबई। रणवीर सिंह के जन्मदिन पर उनके प्रशंसकों को एक खास तोहफा मिला है। जिओ स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने 2025 की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ का पहला लुक जारी कर दिया है। इस दमदार प्रोजेक्ट का निर्देशन ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ फेम निर्देशक आदित्य धर ने किया है, जो पहले ही अपनी सशक्त कहानी और विजन के लिए पहचाने जाते हैं।
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे अनुभवी और दमदार अभिनेता नजर आएंगे। इस पावर-पैक्ड कास्ट ने इस फिल्म को पहले से ही एक बड़ी हाइप दिला दी है। ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में भव्य रूप से रिलीज़ होगी।
फिल्म का पहला लुक वीडियो 2 मिनट 40 सेकंड का है और यह रॉ, इंटेंस और हाई-ऑक्टेन एक्शन से भरपूर है। इसमें रहस्य, रोमांच, तीखे डायलॉग्स और ग्रिपिंग बैकग्राउंड स्कोर है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखता है। इसका म्यूजिक शाश्वत ने दिया है और आवाज दी है मशहूर सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने। खास बात यह है कि इसमें न्यू-एज म्यूज़िक आर्टिस्ट हनुमनकाइंड का भी कोलैब है, जो इस गाने को एक अनोखा और मॉडर्न टच देता है।
‘धुरंधर’ को आदित्य धर ने ही लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। फिल्म के अन्य निर्माता ज्योति देशपांडे और लोकेश धर हैं, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रणवीर सिंह की जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस, एक्शन सीक्वेंसेज़ और आदित्य धर की निर्देशन शैली इस फिल्म को साल 2025 की सबसे बड़ी रिलीज़ बना सकती है।