
रघु सिन्हा को सौ वर्ष पूर्ण होने पर श्रद्धांजलि, 5 मई को अशोक क्लब में
जयपुर। रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट द्वारा 5 मई, 2024 को शाम 5.30 बजे जयपुर के अशोक क्लब में ‘रघु सिन्हा: लाइफ एंड लिगेसी’ पुस्तक का विमोचन किया जा रहा है। यह सेन्टेनरी वॉल्यूम समाज सेवी रघु सिन्हा (1924 – 2005) को एक श्रद्धांजलि है। इस पुस्तक को सामाजिक उद्यमी और रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट के ट्रस्टी सुधीर माथुर द्वारा संकलित किया गया है।
रघु सिन्हा से मिले स्नेह और अपनेपन से प्रभावित हुए लोगों ने पुस्तक ‘रघु सिन्हा: लाइफ एंड लिगेसी’ में उनके जीवन के कई अद्भुत क्षणों को कैद करते हुए अपने अनुभवों को बहुत ही प्रेम से व्यक्त किया है। पुस्तक के ‘फोरवर्ड’ में राजमाता पद्मिनी देवी ने रघु सिन्हा को “जयपुर के शाही परिवार का करीबी दोस्त और एक प्रतिबद्ध नागरिक” कहा है।
उनके सबसे करीबी रहे सुधीर माथुर द्वारा इस किताब में रघु सिन्हा के जीवन के विभिन्न किस्सों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया है। 68 ट्रिब्यूट्स भारत और विदेश में रघु सिन्हा के चाहने वालों का प्रमाण है। पुस्तक का परिचय प्रसिद्ध लेखिका मालाश्री लाल द्वारा लिखा गया है।
पुस्तक विमोचन के अवसर पर परिवार के सदस्य, पुस्तक में योगदान देने वाले, मित्र, सुधीर माथुर और ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। यह वॉल्यूम रघु सिन्हा के जीवन की एक प्रेरक कहानी है, जो सामाजिक उत्थान, पारिवारिक मूल्यों, मार्गदर्शन और समाज सेवा के लिए समर्पित थे।