रूस-यूक्रेन ने एक-दूसरे पर किए ड्रोन हमले; पुतिन के बाद ट्रंप ने जेलेंस्की से की बात

रूस-यूक्रेन
रूस-यूक्रेन

मास्को। यूक्रेन युद्ध विराम को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की युद्ध विराम वार्ता के बीच रूस-यूक्रेन एक बार फिर आमने-सामने आए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि सहमति बनने के बाद भी पूरे देश में रातभर रूसी ड्रोन ने हमले किए। वहीं रूस ने यूक्रेन पर तेल संयंत्र पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया। वहीं पुतिन के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध विराम को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति ने अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने ऊर्जा संयंत्रों पर हमला न करने का एलान किया था। लेकिन पुतिन ने जो कहा, वह वास्तविक नहीं था। जेलेंस्की ने कहा कि मैं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करूंगा और युद्ध विराम के बारे में पुतिन के साथ अमेरिकी नेता के फोन कॉल के बारे में जानकारी लूंगा। साथ ही अगले कदम उठाने पर चर्चा करूंगा।

हेलसिंकी में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ एक कार्यक्रम में जेलेंस्की ने कहा कि पिछली रात पुतिन की ट्रंप के साथ बातचीत हुई। इसमें पुतिन ने कहा कि वह पर यूक्रेनी ऊर्जा संयंत्रों पर हमले रोकने के आदेश दे रहे हैं। इसके बाद भी रात भर में 150 ड्रोन लॉन्च किए गए। जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध विराम के शब्द पर्याप्त नहीं थे। अगर रूसी हमारी सुविधाओं पर हमला नहीं करते हैं, तो हम निश्चित रूप से उनकी सुविधाओं पर हमला नहीं करेंगे।

यूक्रेन ने कहा कि मंगलवार को ट्रंप और पुतिन के बीच लंबी फोन कॉल के तुरंत बाद कीव में हवाई हमले के सायरन बजने लगे। इसके बाद धमाके हुए। हमलों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। सुमी के एक अस्पताल पर सीधा ड्रोन हमला हुआ। साथ ही कीव, ज़ाइटॉमिर, सुमी, चेर्निहिव, पोल्टावा, खार्किव, किरोवोग्राद, निप्रोपेट्रोव्स्क और चेर्कासी क्षेत्रों में भी रूसी ड्रोन देखे गए।

रूस ने यूक्रेन पर लगाया आरोप

यूक्रेन के आरोपों के बाद रूस ने कहा कि उसने यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों को निशाना नहीं बनाया है। रूस ने यूक्रेन पर अपनी एक पाइपलाइन के पास उपकरणों पर हमला करने का आरोप लगाया है। रूस ने कहा कि यूक्रेन ने क्रीमिया प्रायद्वीप की सीमा पर स्थित क्रास्नोडार क्षेत्र में रूसी ऊर्जा सुविधा को निशाना बनाया। रूसी मंत्रालय ने कहा कि तीन ड्रोन ने कैस्पियन पाइपलाइन कंसोर्टियम के तेल हस्तांतरण उपकरणों को निशाना बनाया। इससे आग लग गई और एक तेल टैंक का दबाव कम हो गया।