
नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश में ‘भगवा’ को लेकर राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने कांग्रेस महासचिव (कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी) प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा है। साध्वी ने मंगलवार को कहा कि प्रियंका को अपना सरनेम ‘गांधी’ से बदलकर फिरोज प्रियंका रख लेना चाहिए। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए साध्वी ने कहा, ‘प्रियंका भगवा को नहीं समझ सकती हैं क्योंकि वह नकली गांधी हैं। उन्हें अपने नाम के आगे से गांधी सरनेम हटा लेना चाहिए और फिरोज प्रियंका रख लेना चाहिए।’ उन्होंने आगे कहा कि असल में प्रियंका को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से समस्या है क्योंकि वह सूबे में अपराधियों और उपद्रवियों पर नकेल कस रही है। प्रियंका को यह साफ करना चाहिए कि क्या वह उपद्रवियों के साथ हैं। यही नहीं केंद्रीय मंत्री ने प्रियंका गांधी को भगवा के बारे में और अध्ययन करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि भगवा ज्ञान और आत्मीयता का प्रतीक है। साध्वी ने प्रियंका से यह भी पूछा कि जिन लोगों ने निर्दोष लोगों को पीटा था और पुलिस पर पथराव किया था क्या उन्हें सजा मिलनी चाहिये या नहीं। इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर पलटवार करते हुए ट्वीट कर कहा कि सब कुछ त्याग कर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भगवा लोक सेवा के लिए धारण किया है। विरासत में राजनीति पाने वाले और भारत देश को भुलाकर तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले लोक सेवा का अर्थ क्या समझेंगे। अब संन्यासी की लोक सेवा और जन कल्याण के निरंतर जारी यज्ञ में जो भी बाधा उत्पन्न करेगा उसे दंडित होना पड़ेगा। गौरतलब है कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों यूपी की सियासत में तेजी से सक्रिय नजर आ रही हैं। सोमवार की आधी रात को उन्होंने दुर्गा सप्तशती पाठ का ट्वीट किया। प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा, ऊं ऐं ह्रीं क्लीं चामुंडाय विच्चै। इस ट्वीट के बाद वह ट्रोलर्स के निशाने पर आ गईं। प्रियंका के इस ट्वीट का आशय से यूपी में उनकी पार्टी के नेता भी अनभिज्ञता जाहिर कर रहे हैं। दरअसल, लखनऊ के दौरे के दौरान प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा था। प्रियंका गांधी ने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा धारण किया है जो हिंदुस्तान की आध्यात्मिक संस्कृति और हिन्दू धर्म का प्रतीक है। कृष्ण, राम और शिव के देश में हिंसा और बदले की जगह नहीं है। महाभारत में भी कृष्ण ने रण क्षेत्र में बदला लेने की बात नहीं की। बदले की भावना इस देश की परंपरा नहीं रही है। यह बात मुख्यमंत्री को समझनी चाहिए। प्रियंका के इस बयान के बाद भगवा को लेकर यूपी की सियासत गरमा गई है।